
२६ मई २०१९ को सत्य खबर नामक एक फेसबुक पेज ने एक विडियो पोस्ट किया | विडियो के शीर्षक में लिखा गया है कि “अरुण जेटली के निधन की सूचना, बीजेपी हरियाणा ने कहा स्वस्थ है वित्तमंत्री |” विडियो सत्य खबर द्वारा प्रकाशित एक न्यूज़ बुलेटिन है | बुलेटिन में लिखा गया है कि “देश के लिए दुख की बड़ी खबर, भारत के वित्तमंत्री अरुण जेटली का हुआ निधन | हार्ट अटैक से हुआ उनका देहांत |” सोशल मीडिया पर भी अरुण जेटली के निधन की खबर और श्रद्धांजलि देने के मैसेज वायरल हो रहे हैं | फैक्ट चेक किये जाने तक यह पोस्ट लगभग ४०० प्रतिक्रियाएं प्राप्त कर चुकी थी |
भारत के वित्तमंत्री के निधन का खबर और मीडिया में कहीं भी इस बात का ज़िक्र नहीं होना, यह बात कुछ अटपटी सी लगती है | इसीलिए हमने सच्चाई जानने की कोशिश की |
संशोधन से पता चलता है कि..
जांच की शुरुआत हमने ट्विटर पर अलग अलग कीवर्ड्स बनाकर इस खबर को ढूँढने से की | हमें भारत सरकार के प्रवक्ता और प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो के प्रिंसिपल डायरेक्टर जनरल शितांशु कर ने रविवार शाम (२६ मई २०१९) को किया ट्वीट मिला | इस ट्वीट में उन्होंने अरुण जेटली के निधन की खबरों को झूठा और आधारहीन बताया है | उन्होंने मीडिया को अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है |
इसके पश्चात हमें २६ मई २०१९ को भाजपा के राज्यसभा सांसद स्वप्न दासगुप्ता द्वारा किया गया ट्वीट मिला | उन्होंने अरुण जेटली के साथ हुई मुलाकात की एक तस्वीर शेयर की | उन्होंने लिखा, ‘आज दोपहर अरुण जेटली से मिला और उन्हें पश्चिम बंगाल की जानकारी दी | अपनी किताब की एक प्रति भी उन्हें भेंट की |”
अरुण जेटली के अधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ३० मई २०१९ को १२ बजकर ४९ मिनट पर जगन मोहन रेड्डी को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए ट्वीट किया गया |
निष्कर्ष: तथ्यों की जांच के पश्चात हमने उपरोक्त पोस्ट को गलत पाया है | अरुण जेटली के निधन की खबर एक अफवाह है | वे स्वस्थ है | हम उनकी लम्बी व स्वस्थ उम्र की कामना करते है और लोगों को ऐसी अफवाहों को शेयर करने से पहले सच जानने की सलाह देते है |
