
आगामी बिहार चुनाव को लेकर वायरल वीडियो व तस्वीरों से सोशल मंच भरा पड़ा है। कई पुराने वीडियो व तस्वीरों को वर्तमान के बिहार चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। इंटरनेट पर बहुत से ऐसे वीडियो व तस्वीरें है जो किसी अन्य राज्यों से है और उन्हें बिहार से जोड़कर फैलाया जा रहा है। फैक्ट क्रेसेंडो ने आगामी बिहार चुनाव से संबन्धित कई वायरल फेक व गलत खबरों की सच्चाई पूर्व में भी उजागर की है। इसी क्रम में एक वीडियो सोशल मंचो पर काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है। उस वीडियो में आपको कांग्रेस के नेता व भारतीय फिल्म जगत के अभिनेता शत्रुघन सिन्हा मंच पर खड़े होकर भाषण देते हुए नज़र आएंगे। उनके गले पर कांग्रेस का दुपट्टा देखकर हम अनुमान लगा सकते है कि वे चुनाव प्रचार कर रहे है। वीडियो के साथ जो दावा वायरल हो रहा है उसके मुताबिक शत्रुघन सिन्हा बिहार चुनाव के लिए प्रचार कर रहे है।
वीडियो के शीर्षक में लिखा है, “शत्रुघ्न सिन्हा की जोरदार एंट्री देखकर मोदी और योगी का पत्ता साफ।”
अनुसंधान से पता चलता है कि…
जाँच के दौरान पाया गया कि वायरल हो रहा वीडियो दिसंबर 2019 का है, जब शत्रुघन सिन्हा ने झारखंड के जामताड़ा में चुनाव प्रचार के चलते भाषण दिया था। इस वीडियो का वर्तमान बिहार चुनाव प्रचार से कोई संबन्ध नहीं है। |
जाँच की शुरूवात हमने इनवीड वेरीफाई टूल के माध्यम से वीडियो को छोटे छोटे कीफ्रेम में काटकर गूगल रीवर्स सर्च करने से की, तो हमें एक यूट्यूब चैनल मिला जिस पर वायरल हो रहा वीडियो प्रसारित किया हुआ था। उस यूट्यूब वीडियो के शीर्षक में लिखा है,
“जामताड़ा से शत्रुघ्न सिन्हा ने मांगे डॉ इरफ़ान अंसारी के लिए वोट!”
आपको बता दें कि यह वीडियो दिसंबर 2019 में प्रसारित किया गया था।
इसके पश्चात और अधिक जाँच करने पर हमें दैनिक भास्कर का समाचार लेख मिला जो इस बात की पुष्टि कर रहा है कि वायरल हो रहा वीडियो झारखंड के विधानसबा चुनाव का है।
समाचार लेख के मुताबिक झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर शत्रुघन सिन्हा ने कांग्रेस के उम्मीद्वारों के लिए कई जगहों पर चुनाव प्रचार किया। शत्रुघन सिन्हा ने झारखंड में चुनाव के पाँचवे चरण के दौरान डॉ इरफान अंसारी के लिए प्रचार किया था।
वायरल हो रहे वीडियो को इंडियन नैशनल कांग्रेस झारखंड नामक यूट्यूब चैनल ने यूट्यूब पर लाइव दिखाया है।
इस वीडियो को सबरंग समाचार नामक यूट्यूब चैनल ने भी प्रसारित किया था।
जाँच के दौरान हमने इस बात पर भा गौर किया की वायरल हो रहे वीडियो में मंच पर एक बैनर लगा हुआ है जिसमें बड़े बडे अक्षरों में लिखा है, “शत्रुघन सिन्हा जी का जामताड़ा में हार्दिक अभिनंदन है। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र महागठबंधन के साझा प्रत्याशी।“
आपको बता दें कि दिसंबर 2019 में झारखंड में विधानसभा चुनाव हुए थे जिसके चलते शत्रुघन सिन्हा ने कई कांग्रेस उम्मीद्वारों के लिए प्रचार किया था।
ज्ञात रहे कि वर्तमान बिहार चुनाव में कांग्रेस पार्टी से शत्रुघन सिन्हा के बेटे लव सिन्हा चुनाव में खड़े है। वे पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी है।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया है कि उपरोक्त दावा गलत है। फैक्ट क्रेसेंडो ने जाँच के दौरान पाया कि वायरल हो रहा वीडियो दिसंबर 2019 से है जब शत्रुघन सिन्हा ने झारखंड के जामताड़ा में चुनाव प्रचार के चलते भाषण दिया था। इस वीडियो का बिहार चुनाव प्रचार से कोई संबन्ध नहीं है।

Title:शत्रुघन सिन्हा के झारखंड के जामताड़ा में २०१९ चुनाव प्रचार के भाषण के वीडियो को वर्तमान बिहार चुनाव प्रचार से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
Fact Check By: Rashi JainResult: False
