लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर मुख्तार अंसारी के बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उन्होंने कहा है कि छह माह तक किसी अधिकारी की ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं होगी। उनका पहले हिसाब-किताब होगा।

वीडियो के साथा दावा किया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद यूपी के गाजीपुर से मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी की जीत के बाद, अब्बास अंसारी ने खुलेआम अफसरों को धमकी दी।

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- बधाई हो हिन्दुओ, अखिलेश यादव के खास, माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे की अधिकारियों को सीधी धमकी, अखिलेश से कहकर आया हूँ किसी अधिकारी का ट्रांसफर नही होगा, वो यहीं रहेगा, कहीं नही जाएगा, पहले हिसाब होगा

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…

पड़ताल की शुरुआत में वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर वायरल वीडियो हमें ANI UP/Uttarakhand के एक्स हैंडल पर 4 मार्च 2022 में अपलोडेड मिला। इससे ये स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लेते हुए, उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर अफसरों से हिसाब-किताब करने की धमकी दी थी।

तब अब्बास अंसारी सपा गठबंधन के प्रत्याशी थे और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की टिकट पर उत्तर प्रदेश के मऊ से विधानसभा चुनाव लड़ा था।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए आगे की जांच करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें जनसत्ता (आर्काइव) की वेबसाइट पर भी मिली।

4 मार्च 2022 को प्रकाशित खबर के अनुसार 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण की वोटिंग के बाद सोशल मीडिया पर मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के विवादित बयान का ये वीडियो वायरल हुआ था।

इसमें वह कह रहे हैं कि सपा के चुनाव जीतने के बाद पहले अधिकारियों का हिसाब-किताब होगा फिर उनका ट्रांसफर होगा। मऊ के पहाड़पुरा मैदान में हुई जनसभा में उन्होंने यह विवादित बयान दिया। सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी की दिन में कई बार चेकिंग हो रही है, जबकि अन्य उम्मीदवारों की चेकिंग नहीं हो रही है। अब्बास मऊ से समाजवादी पार्टी की सहयोगी पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थें।

टाइम्स ऑफ इंडिया लखनऊ के एक्स हैंडल पर प्रकाशित जानकारी के अनुसार भाषण का वीडियो वायरल होने के बाद, 4 मार्च 2022 को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए अब्बास के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। चुनाव आयोग ने मामले संज्ञान में लेते हुए अब्बास के प्रचार पर 24 घंटे के लिए रोक लगा दी थी। लेकिन, अब्बास आखिरकार मऊ सदर सीट से जीतने में कामयाब रहे। निम्न में खबर देखें।

अब्बास अंसारी इस समय जेल में….

अधिक जांच करने पर हमें पता चला कि अब्बास अंसारी इस समय जेल में बंद हैं। 29 मई 2024 को लाइव हिन्दुस्तान (आर्काइव) की वेबसाइट पर ये खबर छपी है। बता दें कि अब्बास अंसारी के खिलाफ कई मुकदमे चल रहे हैं, और वो फिलहाल कासगंज जेल में बंद हैं।

निष्कर्ष-

तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी का यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। वीडियो का हालिया लोकसभा चुनाव के साथ कोई संबंध नहीं है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इस समय अब्बास जेल में बंद हैं।

Avatar

Title:अफसरों को धमकाते अब्बास अंसारी का दो साल पुराना वीडियो हालिया बताकर वायरल….

Written By: Saritadevi Samal

Result: Altered