इंटरनेट पर अकसर राजनेताओं के वीडियो गलत दावों के साथ वायरल होते रहते है। फैक्ट क्रेसेंडो ने ऐसे कई वीडियो का अनुसंधान कर उनकी प्रमाणिकता अपने पाठकों तक पहुंचाई है। इन दिनों मुख्तार अब्बास नकवी जो कि वर्तमान में अल्पसंख्यक मामलों के केन्द्रीय मंत्री हैं को लेकर एक वीडियो इंटरनेट पर काफी तेज़ी से साझा किया जा रहा है। उसमें आप एक हिन्दू सन्यासी व उनके साथ कुछ अन्य लोगों को देख सकते है। वे लोग मंत्र का उच्चारण कर रहे है व मुख्तार नकवी को केसरी रंग का कपड़ा उढ़ा रहे है।

इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री नकवी ने अपना धर्म बदल लिया है व हिंदू धर्म को अपना लिया है।

वायरल हो रहे पोस्ट के साथ यूजर ने लिखा है,

मुख्तार नकवी हुए पूर्णतः हिंदू

(शब्दश:)

फेसबुक

आर्काइव लिंक

अनुसंधान से पता चलता है कि…

फैक्ट क्रेसेंडो ने जाँच के दौरान इस दावे को गलत व भ्रामक पाया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने धर्मांतरण नहीं किया व हिंदू धर्म नहीं अपनाया है। वीडियो में दिख रहे सन्यासी मुख्तार अब्बास नकवी को एक कार्यक्रम के लिये आमंत्रित करने हेतु उनसे मिले थे।

सबसे पहले हमने इस दावे के सम्बंधित कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च किया, परिणाम में हमें ऐसा कोई भी विश्वसनीय समाचार लेख नहीं मिला जिसमें ये बताया गया हो कि केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने धर्मांतरण कर हिंदू धर्म अपना लिया है।

इसके बाद हमने मुख्तार अब्बास नकवी के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर इस सम्बन्ध में खोजबीन की, जहाँ हमें इस वीडियो से सदृश्य कुछ तस्वीरें इस वर्ष 21 सितंबर को प्रकाशित की हुई मिली। इस ट्वीट के साथ दी गयी जानकारी में उन्होंने बताया कि तस्वीर में दिख रहे स्वामी ने उन्हें एक कार्यक्रम के लिये आमंत्रित किया है। उन्होंने ऐसा कही भी नहीं लिखा है कि उन्होंने अपना धर्म बदल दिया है और वे हिंदू बन गये है। ट्वीट में लिखा है, “आज अंत्योदय भवन में विशाखा श्री शारदापीठम, पेंडुर्थी, विशाखापत्तनम के आदरणीय श्री श्री श्री स्वातमानेंद्र सरस्वती महास्वामी जी का आशीर्वाद लिया और मुझे 7-15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले श्री शारदा स्वरूप राजश्यामला सरनवरात्रि महोत्सव में आमंत्रित किया।

(शब्दश:)

आर्काइव लिंक

आगे बढ़ते हुये और कीवर्ड सर्च करने पर हमें वायरल हो रहा वही वीडियो मुख्तार नकवी द्वारा उनके आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर प्रसारित किया हुआ मिला। उन्होंने यह वीडियो इस वर्ष 21 सितंबर को प्रसारित किया गया था।

“विशाख श्री शारदापींठ, पेंडुरति, विशाखापट्टनम के आदरणीय गुरु श्री श्री श्री स्वात्मानन्देन्द्र सरस्वती महास्वामी जी से आज नई दिल्ली के अंत्योदय भवन में भेंट करउनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ एवं उनके द्वारा मुझे 7 से 15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले श्री शारदा स्वरुप राजश्यामला सरन्नावरात्रि महोत्सव के लिए आमंत्रित किया गया।“

(शब्दश:)

फेसबुक

इसके बाद हमने इस दावे की पुष्टि करने हेतु केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बार नकवी के सहायक प्रधान सचिव कमलेश कुमार से संपर्क किया व उन्होंने हमें बताया कि, “वायरल हो रही खबर सरासर गलत व भ्रामक है। मंत्रीजी ने धर्मांतरण नहीं किया है। वीडियो में दिख रहे महाराज नकवी जी को एक प्रोग्राम का निमंत्रण देने आये थे।

इसके बाद उन्होंने हमें केंद्रीय मंत्री मुख्तार नकवी द्वारा जारी किया गया बयान भी उपलब्ध करवाया। उसमें उन्होंने स्पष्ट तौर पर लिखा है कि इंटरनेट पर खबर वायरल हो रही वह गलत है। बयान में उन्होंने बताया है कि “21 सितंबर 2021 को, विशाखा श्री शारदापीठम, पेंडुर्थी, विशाखापत्तनम के आदरणीय श्री श्री श्री स्वातमानेंद्र सरस्वती महास्वामी जी, 7 से 15 अक्टूबर तक आयोजित होने जा रहे श्री शारदा स्वरूप राजश्यामला सरनवरात्रि महोत्सव के लिए मुझे आमंत्रित करने के लिए नई दिल्ली के अंत्योदय भवन में मेरे कार्यालय आए थे।

सोशल मीडिया पर उस यात्रा की तस्वीरों और वीडियो के संबंध में कपटपूर्ण इरादों के साथ कुछ निहित स्वार्थों द्वारा नापाक गलत सूचना प्रसारित की जा रही है। यात्रा के संबंध में वास्तविक तस्वीरें, वीडियो और सामग्री मेरे द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड की गई थी जो मेरे सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध हैं।(शब्दश:)

निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत व भ्रामक है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने धर्मांतरण नहीं किया व हिंदू धर्म नहीं अपनाया है। वीडियो में दिख रहे स्वामी महाराज मुख्तार नकवी को एक कार्यक्रम के लिये आमंत्रित करने हेतु उनसे मिले थे।

तालिबान के अफ़ग़ानिस्तान पर कब्ज़े से संबंधित अन्य फैक्ट चेक को आप नीचे पढ़ सकते है|

Avatar

Title:क्या केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने धर्म परिवर्तित कर हिंदू धर्म को अपना लिया है? जानिये सच...

Fact Check By: Rashi Jain

Result: False