
चुनावी माहौल में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किय़ा जा रहा है। वायरल वीडियो में वो कह रहे हैं कि- अगर अखिलेश यादव खुद कहते हैं कि उन्हें उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए चंद्रशेखर की जरूरत है, तो वे बिना किसी के सपा का समर्थन करने के लिए तैयार हैं। वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद ने हाल ही में अखिलेश यादव के साथ आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- इनको किसी ने सद्बुद्धि दे दी है। समझ गए हैं कि यदि 2027 में खाता खोलना है तो 2024 में निस्वार्थ समर्थन देना होगा। इस नए दौर में समाजवादी पार्टी का साथ दिए बिना गाड़ी नहीं चल सकती।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने अलग-अलग कीवर्ड के जरिए चंद्रशेखर आजाद के इस वीडियो को ढूंढने की कोशिश की। परिणाम में वायरल वीडियो का मूल वीडियो हमें TV9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर मिला। ये वीडियो दो साल पहले यानी 16 जनवरी 2022 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ हो कि वायरल वीडियो का अगामी चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
16 जनवरी 2022 को अपलोड हुए वीडियो का टाइटल है- Akhilesh कहेंगे छोटा भाई तो मिलकर लड़ेंगे लड़ाई: Chandra Shekhar

वायरल वीडियो को चैनल में प्रकाशित वीडियो के 16 मिनट 44 सेकंड से देखा जा सकता है। वीडियो में चंद्रशेखर के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी मौजूद हैं, जो उस समय सपा के साथ गठबंधन में थे।
पूरी डिबेट को सुनने पर यह पता चला कि मार्च 2022 में उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के दैरान सपा और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बात चल रही थी। लेकिन इसका जबाव अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर नहीं दिया था। वहीं दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन के लिए सपा के ही सहयोगी ओम प्रकाश राजभ मध्यस्थता कर रहे थे।
वीडियो में चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि सपा और आजाद समाज पार्टी के बीच करीब छह महीने से गठबंधन को लेकर बात चल रही थी। लेकिन, जब लखनऊ में दोनों नेता मिले तो अखिलेश ने उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं दिया। साथ ही, चंद्रशेखर ने कहा कि छोटा भाई मानेंगे तो वो एक भी सीट लिए बिना सपा के साथ चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
बता दें कि इस डिबेट के बाद चंद्रशेखर आजाद (आर्काइव) ने साल 2022 में हुए मैनपुरी, रामपुर और खतौली उपचुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव प्रचार किया था। चंद्रशेखर आजाद यूपी की सत्ता से बीजेपी को हटाने के लिए समाजवादी पार्टी गठबंधन में शामिल होना चाहते थे। चंद्रशेखर आजाद गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मैदान में उतरे थे, लेकिन वहां उनकी जमानत जब्त (आर्काइव) हो गई थी।
2024 चुनाव में सपा और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन-
इस बार लोकसभा चुनाव के लिए बिजनौर की नगीना सीट से सपा ने 15 मार्च 2024 को जारी चौथी लिस्ट में पूर्व जज मनोज कुमार को उम्मीदवार बनाया जिन्होंने 23 मार्च को नामांकन किया था। वहीं इस सीट से चंद्रशेखर से अकेले चुनाव लड़ रहे हैं। इससे ये साफ है कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी का सपा के साथ गठबंधन नहीं हुआ है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, चंद्रशेखर आजाद के साल 2022 के वीडियो को आगामी लोकसभा चुनाव से जोड़कर पेश किया जा रहा है। ये वीडियो उसी समय का है जब मार्च 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दैरान सपा और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बात चल रही थी।

Title:क्या आगामी चुनाव के लिए चंद्रशेखर ने जताई अखिलेश यादव के साथ गठबंधन की इच्छा? नही, वीडियो पुराना है …..
Fact Check By: Sarita SamalResult: False
