अमित शाह ने देश के टुकड़े करने की बात नहीं कि, अधूरा वीडियो गलत व फर्जी दावे से वायरल…

Missing Context Political

चुनावी मौसम में देश के केंद्रीय मंत्री अमित शाह का एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें अमित शाह ने देश के दो टुकड़े करने की बात की है।  सोशल मंचों पर वायरल क़रीब 3 सेकंड के इस वीडियो में अमित शाह को यह कहते सुना जा सकता है कि, देश के दो टुकड़े होने चाहिए – साउथ इंडिया और नॉर्थ इंडिया। वहीं यूज़र द्वारा वीडियो को सच मानते हुए इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…

जहाँ श्री अखिलेश,श्री राहुल पूरे देश को एक कर रहे है। हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई सभी को साथ ले चल रहे है। वहा यह घोंचू कह रहा है की इस देश का दो टुकड़ा होना चाहिएसाऊथ और नार्थ क्युकी जहाँ जागरूकता ज्यादा है। वहां ये जीत नहीं पाता है। जो देश का दो टुकड़ा करेगा साऊथ नार्थ मे हम उसके टुकड़े टुकड़े कर देंगे संभल कर। अपने फायदे के लिए कहा तक गिरोगे घोंचू।

फेसबुक पोस्ट ।  आर्काइव पोस्ट

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले यह देखा कि अमित शाह ने News18 का माइक पकड़ा हुआ है। जिसकी मदद से हमने कीवर्ड्स सर्च किया। परिणाम में हमने CNN News18 के यूट्यूब चैनल पर सम्मलेन के एक वीडियो को देखा जिसे 20 मार्च, 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो में 2 घंटे 40 मिनट के बाद वाला हिस्से को देखने पर समझ आता है कि अमित शाह ने अपनी तरफ से देश के दो टुकड़े करने की बात नहीं की थी। असल में एंकर द्वारा अमित शाह से दक्षिण भारत में चुनावी माहौल के परिदृश्य सम्बंधित सवाल पूछता है कि इस बार के उनकी वहां से क्या अपेक्षाएं हैं। जिसका जवाब देते हुए अमित शाह कहते है कि अभी कुछ महीने पहले दक्षिण भारत के लिए अलग राष्ट्र की मांग की गई थी। फिर आगे बढ़ते हुए वो कहते हैं कि देखिए इसका जवाब तो राहुल जी को देना चाहिए। आज तक कांग्रेस ने उस नेता के बयान से कन्नी नहीं काटी है। देश की जनता तो मान रही है कि कांग्रेस की पॉलिसी ये है कि इस देश के दो टुकड़े होने चाहिए– साउथ इंडिया और नॉर्थ इंडिया। मगर राहुल बाबा आप चिंता मत करो। अब भारतीय जनता पार्टी इतनी ताकतवर है कि कांग्रेस दूसरी बार इस देश का विभाजन नहीं कर पाएगी। हम कभी भी इस देश के टुकड़े नहीं होने देंगे।

आर्काइव लिंक

हमने अपनी पड़ताल में यह पता लगाया कि अभी कुछ दिन पहले बेंगलुरु ग्रामीण के कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने दक्षिण भारत के लिए अलग राष्ट्र की मांग की करने की ख़बरें आयी थी। जिस पर उन्होंने  बाद में सफाई भी दी, लेकिन उनके इस बयान से काफी बवाल मचा था। ऐसे में यह स्पष्ट है कि वीडियो में अमित शाह जो कुछ भी बोल रहे थें वो इस संदर्भ में भी था।

आर्काइव | आर्काइव

अंत में हमने वायरल वीडियो और हमें मिले वीडियो के बीच तुलना कर यह साफ़ किया कि गृह मंत्री अमित शाह के अधूरे बयान को भ्रामक तौर से साझा किया गया है। असल में वो कांग्रेस पर तंज कसते हुए कह रहे थे कि ये कांग्रेस की पॉलिसी है कि देश के दो टुकड़े होने चाहिए नॉर्थ इंडिया और साउथ इंडिया। निम्न में वीडियो देखें…

निष्कर्ष-

तथ्यों के जांच से यह स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो में देश के टुकड़े करने वाले अमित शाह का बयान अधूरा है। मूल वीडियो में वो कांग्रेस पर तंज कसते हुए यह बोल रहे थें कि कांग्रेस की पॉलिसी है कि देश के दो टुकड़े होने चाहिए नॉर्थ इंडिया और साउथ इंडिया। इसलिए वायरल वीडियो गलत प्रमाणित होता है।

Avatar

Title:अमित शाह ने देश के टुकड़े करने की बात नहीं कि, अधूरा वीडियो गलत व फर्जी दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Missing Context