सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक लड़के के दो अलग- अलग कोलाज वाले वीडियो दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में लड़का हाथ हिला कर कैमरे की तरफ हंसता हुआ देख रहा है तो वहीं दूसरे वीडियो में एक पुलिस कर्मी उसे अपने साथ ले जा रहा है। वीडियो वायरल करते हुए यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि इस लड़के का नाम लवप्रीत है। इसकी बहन के साथ ओमकार नाम के एक शख्स ने दुष्कर्म किया था। जिसकी बाद में जमानत हो गई थी। लेकिन बदले की आग में जल रहे लवप्रीत नाम के इस लड़के ने ओमकार की गला काट कर हत्या कर दी और बाद में पुलिस को सरेंडर कर दिया। कैप्शन में लिखा गया है कि…

लवप्रीत की बहन के साथ बलात्कार हुआ था, बलात्कारी ओमकार जमानत लेकर बाहर आ गया। लवप्रीत ने बहन के साथ हुए दुष्कर्म का प्रतिशोध लिया ओमकार का गला काट कर उसकी हत्या कर दी। और पुलिस को सरेंडर कर दिया। क्या लवप्रीत का भविष्य देखते हुए जमानत मिलनी चाहिए?

ट्विटर लिंकआर्काइव लिंक

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वीडियो से तस्वीर लेकर उसे गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमने यह पाया कि जिन दो वीडियो को मिला कर एक कोलाज वीडियो बनाया गया था। उसके दो अलग वीडियो अड्डू डिफॉल्टर नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए थें। इनमें से एक वीडियो (आर्काइव) को जून 2018 में अपलोड किया गया था। यहां पर हमने एक चीज नोटिस की कि वीडियो में दिखाई दे रहा लड़का किसी को इशारे कर रहा है। वो पुलिसकर्मी के साथ आगे बढ़ रहा है लेकिन ठीक उसके पीछे कोई दूसरा शख्स भी चल रहा है। जिससे वो बात करता है।

इसी इंस्टाग्राम अकाउंट में हमने वायरल वीडियो के दूसरे कोलाज वाले वीडियो (आर्काइव) को देखा, जिसे 27 जून में अपलोड किया गया है।

इसके बाद हमने अड्डू डिफाल्टर नाम के इस इंस्टा अकाउंट की पूरी पड़ताल की। हमने ये देखा कि इस लड़के ने अपने इंस्टाग्राम बायो में खुद के बारे में आर्टिस्ट बताते हुए दादा और दो नंबरी बालक जैसे नाम लिखे हुए हैं। साथ ही लड़के के इंस्टाग्राम अकाउंट पर और भी कई ऐसे वीडियो मौजूद हैं। जिसमें ये लड़का पुलिस के साथ जाता हुआ मुस्कुरा रहा है। या फिर जेल में दिखाई दे रहा है। इससे हमें ये अंदेशा होने लगा कि हो न हो ये लड़का सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में ऐसे रील्स बनाता है।

तो फिर लवप्रीत और ओमकार का मामला क्या है?

इसके लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड टाइप किया। परिणाम में हमें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिली जिसमें पूरे वारदात का ब्यौरा दिया गया था। 31 अगस्त 2024 में हिंदुस्तान टाइम्स (आर्काइव) की प्रकाशित रिपोर्ट से पता चला कि, पंजाब के मजाहदपुर गांव के निवासी आकाशदीप सिंह को पुलिस ने 'ओंकार सिंह' नामक एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट के अनुसार ओंकार ने आकाशदीप के दोस्त लवप्रीत सिंह की नाबालिग बहन के साथ 2015 में बलात्कार किया था। एसएसपी के हवाले से ये बताया गया है कि ओंकार इस मामले में 10 साल तक जेल में रहा, लेकिन 2020 में कोविड के टाइम में समय से पहले जेल से रिहा कर दिया था। लेकिन जब ओंकार जेल से बाहर आया था, तो आरोपी उसके पीछे पड़े थे। उन्होंने 28 अगस्त को उस पर हमला किया और शव खून से लथपथ सड़क किनारे छोड़ दिया।

फिर हमें 3 सितंबर को दैनिक भास्कर (आर्काइव) की एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, पंजाब के कपूरथला शहर में बीते 28 अगस्त को ये घटना हुई थी। पुलिस ने लवप्रीत सिंह नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था जिसने अपनी बहन से रेप के आरोपी ओमकार सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी थी। ओमकार सिंह को दुष्कर्म के आरोप में साल 2015 में सजा मिली थी। पर कोविड में उसकी सजा समाप्त करके उसे रिहा किया गया था।

पंजाब के एक स्थानीय मीडिया जर्नल पंजाब खास खबर की तरफ से 31 अगस्त को छपी रिपोर्ट (आर्काइव) ये बताती है कि ओमकार सिंह की हत्या कपूरथला के गांव बिशनपुर जट्टा इलाके में हुई थी। उंकार सिंह नामक आरोपी की हत्या उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार कर की गई थी। उंकार सिंह पर 2015 में एक 16-17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का आरोप था, जिसके बाद लड़की की मृत्यु हो गई थी। उंकार सिंह को इस मामले में दस साल की सजा मिली थी। हत्या के मामले में पुलिस ने आकाशदीप सिंह उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में उपयोग किए गए हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। लवप्रीत सिंह नामक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसे हत्या के मामले में संलिप्त माना जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान वत्सला गुप्ता ने मीडिया को बताया कि उंकार सिंह की हत्या उसके पूर्व अपराध की प्रतिशोध की भावना के चलते की गई। एसएसपी कपूरथला ने भी बताया कि आरोपी लवप्रीत सिंह ने अपनी बहन के साथ हुए बलात्कार का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया था।

अपनी पड़ताल में हमने कपूरथला पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो (आर्काइव) देखा। इसे 30 अगस्त 2024 में पोस्ट किया गया है। कैप्शन के अनुसार कपूरथला पुलिस (सीआईए स्टाफ व थाना कोतवाली) की तरफ से गांव बिशनपुर जट्टा में हुई हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के दौरान इस्तेमाल किये गए हथियार व मोटरसाइकिल के बरामद करने की जानकारी दी जा रही थी।

इस प्रकार हम कह सकते हैं कि वायरल वीडियो में दिख रहा लड़का लवप्रीत नाम का शख्स नहीं है, जिसने अपनी बहन के रेपिस्ट का मर्डर किया था।

निष्कर्ष-

तथ्यों के जांच पश्चात हमने ये पाया कि वीडियो में पुलिस जिस लड़के को पकड़ कर ले जा रही है, वो असल में लवप्रीत नाम का शख्स नहीं है। लड़का एक कंटेंट क्रिएटर है जो रील्स के चक्कर में छिटपुट मामलों में अपराध कर जेल जाता है। हालांकि पंजाब में बहन के बलात्कारी की हत्या वाली घटना में इस लड़के का उससे कोई संबंध नहीं है।

Claim Review :   वीडियो में दिखाई दे रहे इस लड़के का नाम लवप्रीत है, जिसने अपनी बहन के रेपिस्ट की गला काट कर हत्या कर दी और पुलिस को सरेंडर कर दिया।
Claimed By :  Social Media User
Fact Check :  FALSE