
सोशल मीडिया पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप वायरल किया जा रहा है। इसमें राहुल गांधी को खरगे को कुर्सी से उठाते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने जबरदस्ती कांग्रेस अध्यक्ष को उनकी कुर्सी से उठा कर हटने के लिए बोल दिया।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- इतनी घनघोर बेयज्जती। अरे उठो सीट खाली करो। न जाने कहां कहां से आकर बैठ जाते हैं यहां। हम दो के अलावा कोई नहीं बैठ सकता यहां।”
अनुसंधान से पता चलता है कि….
पड़ताल की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 15 जनवरी के इस उद्घाटन समारोह का लाइव वीडियो मिला।
इस मूल वीडियो के 46 मिनट 30 सेकंड पर कार्यक्रम के संचालक पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करते हैं।
46 मिनट 45 सेकंड पर खरगे कुर्सी से उठते हैं और राहुल गांधी उनके उठने पर कुर्सी पीछे खींचते हैं। खरगे की सहूलियत के लिए कुर्सी हटाने के बाद जब वह पोडियम की ओर चले जाते हैं तो राहुल कुर्सी को फिर अपनी जगह पर कर देते हैं। वीडियो के 1 घंटे 16 मिनट 12 सेकंड पर खरगे अपनी बात खत्म कर उसी कुर्सी पर वापस बैठते देखे जा सकते हैं।
इससे साफ है कि अधूरे वीडियो को भ्रामक दावे से शेयर किया गया है।
हमने वायरल वीडियो और हमें मिले वीडियो का विश्लेषण किया। जिसमें ये स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खरगे की मदद कर रहे थे। राहुल गांधी खरगे को उठने में सहूलियत हो इसके लिए कुर्सी पीछे खींचते हैं।
‘इंडियन यूथ कांग्रेस’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम पर भी यह वीडियो मिला। यहां पर दी गई जानकारी के मुताबिक यह वीडियो दिल्ली स्थित इंदिरा भवन का है। ‘इंदिरा भवन’ कांग्रेस पार्टी का नया हेडक्वाटर्र है, जिसका उद्घाटन बीते 15 जनवरी को हुआ है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खरगे की मदद कर रहे थे। असली वीडियो में से कुछ सेकंड की क्लिप एडिट करके झूठा दावा किया जा रहा है।

Title:क्या राहुल गांधी ने खरगे को सीट से उठाकर उनका अपमान किया?
Written By: Sarita SamalResult: False
