
२७ अगस्त २०१९ को फेसबुक पर ‘North Bengal Express’ नामक एक यूजर ने एक पोस्ट के साथ एक खबर का वीडियो साझा किया है | वीडियो में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान तथा इन दिनों सोशल मीडिया में छाई हुई गायिका रानू मंडल एक फ्लैट में सोफे पर बैठे दिखाई दे रहे है | बैकग्राउंड में एंकर की आवाज सुनाई देती है कि, सलमान खान ने रानू मंडल को मुंबई में एक आलिशान डबल बेडरूम फ्लैट गिफ्ट किया है, जिसकी कीमत ५५ लाख रूपये है | इतना ही नहीं, रानू मंडल इस फ्लैट में रहने भी गई है | वीडियो स्क्रीन पर भी यह बात लिखित स्वरुप में दिखाई देती है |
पोस्ट के विवरण में लिखा गया है कि,
Salman Khan gifted a house to Ranu Mandal । हिंदी में अनुवाद – सलमान खान ने रानू मंडल को घर गिफ्ट किया |
इस पोस्ट व्दारा किया यह दावा किया जा रहा है कि, सलमान खान ने रानू मंडल को मुंबई में एक आलिशान डबल बेडरूम फ्लैट गिफ्ट किया है, जिसकी कीमत ५५ लाख रूपये है | आपको बता दें कि, रानू मंडल फ़िलहाल सोशल मीडिया पर अपनी आवाज तथा रेलवे प्लेटफ़ॉर्म पर भीख मांगने से लेकर फिल्म में पार्श्वगायन करने तक के जादुई सफ़र के लिए छाई हुई है | एक रेलवे स्टेशन पर रानू द्वारा गाये गए ‘एक प्यार का नगमा है…’ इस गीत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था | इसके बाद गायक, अभिनेता हिमेश रेशमिया ने रानू मंडल की जिंदगी बदल दी | उनका मेकओवर किया तथा उनको अपनी आगामी फिल्म ‘हैप्पी, हार्डी और हीर’ में गाने का मौका दिया | हिमेश ने यह भी कहा था कि, इस बात के लिए सलमान के पिताजी सलीम खान इनकी दी हुई एक नसीहत से मुझे प्रेरणा मिली | यह वक्तव्य वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यह खबर काफी तेजी से फ़ैल रही है कि, सलमान खान ने रानू मंडल को ५५ लाख का फ्लैट गिफ्ट किया है | तो आइये जानते है इस वीडियो व दावे की सच्चाई |
मूल पोस्ट यहाँ देखें – ‘North Bengal Express’ | ARCHIVE POST
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने ‘Salman Khan gifted a house to Ranu Mandal’ की-वर्ड्स से गूगल किया तो परिणाम से हमें ‘जनसत्ता’ द्वारा २८ अगस्त २०१९ को प्रसारित एक खबर मिली | खबर में लिखा है कि, फिल्म जगत में यह चर्चा है कि, सलमान खान ने रानू मंडल को ५५ लाख का एक घर गिफ्ट किया है | लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है |
पूरी खबर यहाँ पढ़ें – ‘जनसत्ता’ | ARCHIVE POST
इसके अलावा हमें ‘फ्री प्रेस जर्नल’ द्वारा २९ अगस्त २०१९ को प्रसारित और एक खबर मिली, जिसमे सलमान खान के करीबी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि, सलमान से रानू मंडल को घर गिफ्ट नहीं किया है |
पूरी खबर यहाँ पढ़ें – ‘फ्री प्रेस जर्नल’ | ARCHIVE NEWS
हमें ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ की वेबसाइट पर २८ अगस्त २०१९ को प्रसारित एक और खबर मिली, जिसमे लिखा है कि, सलमान खान के करीबी सूत्रों द्वारा रानू मंडल को घर गिफ्ट किये जाने की ख़बरों का खंडन किया गया है |
इस शोध से हमें पता चला कि, सलमान खान ने रानू मंडल को ५५ लाख का घर गिफ्ट नहीं किया है | इस दावे की सत्यता जांचने के लिए हमने सलमान खान के मीडिया मेनेजर जोर्डी से २९ अगस्त २०१९ की दोपहर संपर्क किया | उन्होंने हमें बताया कि, “यह एक गलत खबर है | सलमान खान ने रानू मंडल को घर गिफ्ट नहीं किया है |”
अतः समाचार चैनल्स द्वारा दी गई ख़बरें तथा सलमान के मीडिया मेनेजर द्वारा पुष्टि किये जाने से यह स्पष्ट होता है कि, सलमान खान ने रानू मंडल को मुंबई में ५५ लाख का फ्लैट गिफ्ट नहीं किया है | यह खबर एक कोरी अफवाह है |
जांच का परिणाम : इस अनुसंधान से यह स्पष्ट होता है कि, उपरोक्त पोस्ट में साझा वीडियो के साथ किया गया दावा कि, “सलमान खान ने रानू मंडल को मुंबई में ५५ लाख का आलिशान फ्लैट गिफ्ट किया |” गलत है | सलमान खान ने रानू मंडल को घर गिफ्ट नहीं किया है |

Title:क्या सच में सलमान खान ने रानू मंडल को मुंबई में ५५ लाख का आलिशान फ्लैट गिफ्ट किया ?
Fact Check By: R PillaiResult: False
