
१३ अगस्त २०१९ को फेसबुक पर ‘Setiawan’ नामक फेसबुक यूजर ने एक वीडियो पोस्ट किया था, इस वीडियो में नदी के बहाव की वजह से एक पुल टूटते हुए दिख रहा है, इस पोस्ट के विवरण में लिखा है कि, “ Bijapur Solapur Takali bridge collapsed, Maharashtra, India 13August2019″ हिंदी में अनुवाद : ‘विजापुर सोलापुर टाकली ब्रिज टूट गया, महाराष्ट्र |’
वर्तमान में महाराष्ट्र के कई जगह भारी बारिश की वजह से बाढ़ को लेकर सोशल मंचों पर कई प्रकार के दावे हो रहे है, इस पोस्ट में भी महाराष्ट्र की मौजूदा स्थिति के चलते ऐसा ही एक दावा किया जा रहा है कि, ‘यह वीडियो वर्तमान में विजापुर-सोलापुर हाईवे पर स्थित टाकली पुल के ध्वस्त होने की है |’
क्या सच में ऐसा है ? आइये जानते है इस पोस्ट के दावे की सच्चाई |
सोशल मीडिया पर प्रचलित कथन:
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने सबसे पहले टाकली गाँव की सरपंच सुशीला ख्यामगोंडे से संपर्क किया | उन्होंने इस वीडियो को देखकर कहा कि यह वीडियो टाकली का नहीं है | “जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो मैंने पुल पर जाकर सुनिश्चित किया | सोलापुर-विजापुर राजमार्ग पर टाकली पुल सुरक्षित है | कृपया अफवाहों पर विश्वास न करें |”
इसके अलावा जब हमने वहां के स्थानीय पत्रकारों से पुछताछ की, तो उन्होंने कहा कि यह बात गलत है और झूठी अफवाह फैलाई जा रही है |
इसके बाद हमने InVidTool की मदद से उपरोक्त वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर गूगल रिवर्स इमेज सर्च में ढूंढा, तो हमें YouTube पर अपलोड किये गए बहुत पुराने वीडियो मिले |
वीडियो १ : १३ नवम्बर २०१० : hiprasanna5386
वीडियो २ : १३ जुलाई २०११ : mithleshgiet
वीडियो ३ : ५ जनवरी २०१२ : lakojishiba
इसके बाद हमने वीडियो का हमारे भाषा विशेषज्ञ से विश्लेषण करवाया, तो पता चला कि वीडियो में सुनाई देने वाली भाषा उड़िया है |
फिर हमने ओडिशा में ऐसी घटना से जुड़ी ख़बर को गूगल पर ‘gumuda bridge collapse in odisha २००७’ कीवर्ड्स से ढूंढा, तो हमें समाचार वेबसाइट पर इस तरह के पुल ढहने से जुड़ी ख़बरें मिली | विडियो में भी गुमुडा पुल के ढह जाने का जिक्र है और इन ख़बरों में भी गुमुडा पुल का जिक्र है |
०७ सितम्बर २००७ : OutlookindiaPost : ArchivedLink
०७ दिसम्बर २०१५ : NewindianexpressPost : ArchivedLink
६ जून २०१७ : MangoNews : YouTube Video
इसके बाद हमने ओडिशा मे रायगढ़ जिले के कलेक्टर प्रमोद कुमार बेहेरा से संपर्क साधा, तो उन्होंने यह वीडियो देख कर कहा कि, “यह बहुत पुरानी घटना है और मैं इसकी पुष्टि कर आपको बताता हूँ कि यह ओडिशा में किस जगह का है व यह वारदात कब घटी थी |” हमें जैसे ही इस वीडियो के बारे मे पुख्ता ख़बर मिलती है, हम इस पोस्ट को हमारे पाठकों के लिए अपडेट कर देंगे |
इसके साथ ही जब हमने गुमुडा गांव के लोगों को ये विडीओ भेज कर उनसे इस प्रकरण से बात की, तो उन्होंने भी इस बात पर सहमति दी कि यह पुल कई साल पहले बाढ की वजह से ही टूटा था |
इस संशोधन से यह बात स्पष्ट होती है कि पोस्ट में साझा वीडियो २०१० से सोशल मीडिया पर मौजूद है और वर्तमान में महाराष्ट्र से इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है | यह वीडियो गलत विवरण के साथ लोगों को भ्रमित करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है | इस वीडियो का अगस्त २००७ में ओडिशा में आयी बाढ का होने की संभावना बहुत है, मगर वर्तमान में इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है |
जांच का परिणाम : उपरोक्त पोस्ट मे किया गया दावा ‘यह वीडियो वर्तमान में विजापुर-सोलापुर हाईवे पर स्थित टाकली पुल के ध्वस्त होने का है |’ ग़लत है |

Title:२००७ में ओडिशा की बाढ़ में टूटे गुमुडा पुल का वीडियो वर्तमान में विजापुर-सोलापुर हाईवे पर स्थित टाकली ब्रिज का बताकर फैलाया जा रहा है |
Fact Check By: Natasha VivianResult: False
