पीएम मोदी की आलोचना करते बाबूलाल मरांडी का लगभग 6 साल पुराना वीडियो हाल का बता कर वायरल…

Missing Context Political

बाबूलाल मरांडी का पीएम मोदी की आलोचना करने वाला वीडियो अभी का नहीं है, यह वीडियो मरांडी के भाजपा में शामिल होने से पहले का है।

झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत सभी 81 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। अब इंतज़ार 23 नवंबर का है जिसमें चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।  इस बार भी झारखंड में मुख्य लड़ाई एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच ही है और कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसी बीच सोशल मीडिया पर झारखंड बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को पीएम मोदी की आलोचना करने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बाबूलाल मरांडी को यह भी कहते सुना जा सकता है कि अगर मोदी जी पाँच साल और प्रधानमंत्री रहे तो भारत पाकिस्तान बन जाएगा…हर रोज़ दंगा फ़साद होगा। यूज़र्स इस वीडियो को हाल का बताते हुए शेयर कर रहे हैं। वहीं पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा गया है कि…

भाजपा के झारखंड अध्यक्ष सच बोल रहे हैं। कह रहे हैं कि अगर मोदी जी पाँच साल और प्रधानमंत्री रहे तो भारत पाकिस्तान बन जाएगा! हर रोज़ दंगा फ़साद होगा।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से सम्बंधित खोज के लिए गूगल पर कीवर्ड्स टाइप किया। ऐसा करने से हमें अशोक गोप नाम के एक पत्रकार के फेसबुक अकाउंट (आर्काइव) पर 15 दिसंबर 2018 में अपलोड किया हुआ एक वीडियो मिला। यहां पर 35 सेकेंड के इस वीडियो में बाबूलाल मरांडी यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “सरकार तो इस देश के लोगों को लड़ाने में लगी है। हम तो कहते हैं कि देश के प्रधानमंत्री अगर मोदी जी रहे तो अगले 5 साल में भारत पाकिस्तान बन जाएगा, रोज यहां दंगा-फसाद होता रहेगा। तालिबानीकरण हो जाएगा। यहां के हिंदू और मुस्लिम लड़ना नहीं चाहते हैं।“

फिर हमें इसी फेसबुक अकाउंट (आर्काइव) से 14 दिसंबर 2018 को अपलोड किया गया एक और वीडियो मिला। इसमें बाबूलाल मरांडी को हम उन्हीं बातों को कहते हुए सुन सकते है जो वो वायरल वीडियो में कह रहे हैं।

थोड़ा और खोजने पर हमें ताजा झारखंड (आर्काइव) नाम के एक फेसबुक पेज से 14 दिसंबर 2018 को अपलोड किया गया एक और वीडियो मिला। इस वीडियो में वही बैकग्राउंड और बाबूलाल मरांडी को उन्हीं कपड़ों में देख सकते हैं जो वायरल वीडियो में है। हालांकि, इस वीडियो में वो राफेल मुद्दे को लेकर बयान देते नज़र आ रहे हैं। जबकि कैप्शन में “झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राफेल डील के सवाल पर कहा की सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। वहीं इस मामले को लेकर वर्तमान केन्द्र सरकार पर कटाक्ष करने से भी नहीं चूके। उन्होंने कहा कि केवल राफेल लड़ाकू जहाज की क्या कीमत है उसको बताने के लिए सरकार से बोला गया था इसमें सुरक्षा को लेकर क्या गोपनीयता हो सकती है “ लिखा हुआ है। इससे इतनी बात साफ़ हो जाती है बाबूलाल मरांडी का पीएम मोदी की आलोचना करते हुए वायरल वीडियो अभी का है ही नहीं।

अंत में हमने वायरल वीडियो पर और अधिक स्पष्टीकरण के लिए ताज़ा झारखंड के प्रधान संपादक कमलेश मिश्रा से संपर्क किया। उनके द्वारा हमें यह अवगत कराया गया कि वायरल वीडियो अभी का नहीं है 2018 का है तब वो भाजपा में नहीं थे। बाबूलाल मरांडी झारखंड विकास मोर्चा नाम की पार्टी के अध्यक्ष थे और विपक्ष में थें। 2020 में उन्होंने अपनी पार्टी को फिर से बीजेपी में विलय कराया और वो अभी झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष हैं। उनका वीडियो हाल का नहीं है और उसे गलत रूप में वायरल किया गया है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि पीएम मोदी की आलोचना करने वाला बाबूलाल मरांडी का वायरल वीडियो हाल का नहीं है, बल्कि करीब छह साल पुराना वीडियो है। तब उस समय बाबूलाल मरांडी भाजपा में नहीं थें। 

Avatar

Title:पीएम मोदी की आलोचना करते बाबूलाल मरांडी का लगभग 6 साल पुराना वीडियो हाल का बता कर वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Missing Context