यह वीडियो मध्य प्रदेश का नहीं है। यह ओडिसा के खोर्धा का है। इसमें बीजू जनता दल के निलंबित नेता की पिटाई हो रही है, भाजपा के नेता की नहीं।

आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कई वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही है। इन दिनों एक और वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें आप कई लोगों की भीड़ को देख सकते है। वीडियो में लोग डंडो से मारकर एक गाड़ी की तोड़-फोड़ कर रहे है। उसके बाद उसमें बैठे शख्स को भी उन्होंने बहुत बुरी तरह पीटा। वायरल हो रहे पोस्ट के साथ दावा किया जा रहा है कि ये मध्य प्रदेश का वीडियो है। और जिस शख्स की पिटाई हो रही है वह भाजपा का विधायक है।

वायरल हो रहे पोस्ट के साथ यूज़र ने लिखा है,“मध्य प्रदेश से भाजपा के रुझान आने लगे हैंl विधायक जी की जोरदार कुटाई देखिए मुफ़्त में।“

फेसबुक

आर्काइव लिंक

अनुसंधान से पता चलता है कि...

इस वीडियो की जाँच हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च कर की। हमें इससे मिलता- जुलता वीडियो 12 मार्च 2022 को हिंदुस्तान टाइम्स के चैनल पर प्रसारित किया हुआ मिला। उसके साथ दी गयी जानकारी में बताया गया है कि ओडिशा के बीजू जनता दल (बीजद) के एक निलंबित विधायक ने खोर्धा के बानापुर ब्लॉक में भीड़ पर कथित तौर पर अपनी एस.यू.वी कार चढ़ा दी थी। इसमें पुलिस के साथ 20 से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। इसके बाद भीड़ ने प्रशांत जगदेव के साथ मारपीट की और उनकी गाड़ी की तोड़फोड़ की। प्रशांत जगदेव को भुवनेश्वर के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस घटना में 15 भाजपा के कार्यकर्ता और बीजद का एक कार्यकर्ता समेत सात पुलिसकर्मी घायल हुये थे।

आर्काइव लिंक

12 मार्च को प्रकाशित जागरण के वेबसाइट पर प्रकाशित एक खबर मिली। उसमें बताया गया है कि जिस नेता की पिटाई हुई उनका नाम प्रशांत जगदेव है। बानपुर ब्लॉक अध्यक्ष चुनाव के समय यह घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने विधायक को गिरफ्तार किया और फिर अस्पताल में भर्ती किया। आपको बता दें कि घटना के वक्त मौके पर करीब 700 लोग जमा थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि विधायक नशे में धुत थे। इस घटना के बाद विधायक को बीजू जनता दल (बीजद) से निलंबित किया गया था।

निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। यह वीडियो मध्य प्रदेश का नहीं है, यह ओडिशा का है। इसमें बीजू जनता दल के नेता की पीटाई हो रही है, भाजपा के नेता की नहीं।

Avatar

Title:ओडिसा में बीजद के निलंबित नेता की हुई पिटाई के वीडियो को मध्य प्रदेश के भाजपा नेता का बता वायरल किया जा रहा है।

Written By: Samiksha Khandelwal

Result: False