
कुछ लोगों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राणा सांगा विवाद को लेकर विश्व हिन्दू परिषद के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान सपा नेता महेंद्र यादव वहां पर आकर बदतमीजी करने लगे। फिर लोगों ने उन्हें पीट दिया।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- आज राणा सांगा जी के सम्मान में सपा वाले कूट दिए गए भरे मैदान में…. विश्वहिन्दू परिषद के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे ..!!🛑 तभी महेंद्र यादव गुंडई करने लगा इसके बाद महेंद्र यादव की लाइव सुताई कर दी गई
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के कुछ तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो की खबर हमें अमर उजाला में मिली। 1 फरवरी 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट में वायरल वीडियो के विजुअल मौजूद थे।
खबर के अनुसार ‘तत्कालीन वन मंत्री दारा सिंह चौहान की फोटो के साथ हुए दुर्व्यवहार का विरोध करने पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने चौहान समाज के अध्यक्ष और सपा के तत्कालीन पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान की पिटाई कर दी।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए आगे की सर्च करने पर हमें जागरण की रिपोर्ट मिली। खबर में बताया गया है कि ये झगड़ा मऊ के कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ था जहां सपा नेता महेंद्र चौहान किसी काम से गए थे। वहां उनकी करणी सेना के लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उन पर आरोप लगा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गाली दी है। इसी बात पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उनकी पिटाई कर दी थी। हालांकि महेंद्र का कहना था कि उन्होंने सीएम योगी को लेकर कुछ भी आपत्तिजनक नहीं कहा था। उस समय महेंद्र समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव थे।
इसके अलावा 3 फरवरी 2021 को नवभारत टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, गंभीर रूप से घायल महेंद्र चौहान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया और पुलिस ने इस मामले में जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
हमें समाजवादी पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 1 फरवरी 2021 का पोस्ट किया गया यह वीडियो भी मिला, जहां यूपी सरकार की आलोचना करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो 2021की यूपी के मऊ की घटना का है,जहां करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सपा नेता महेंद्र चौहान को पीट दिया था। वीडियो का राणा सांगा विवाद से कोई संबंध नहीं है।

Title:सपा नेता की पिटाई का पुराना वीडियो राणा सांगा विवाद से जोड़कर वायरल..
Fact Check By: Sarita SamalResult: False
