
हरियाणा में विधानसभा के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। जिसमें BJP ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें लोग उन्हें अपने कंधे पर बिठा रहे हैं और वे अपने आंसू पोछते नज़र आ रहे हैं। वीडियो को हरियाणा चुनाव के नतीजों से जोड़कर शेयर किया जा रहा। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद दीपेंद्र हुड्डा भावुक हो गए।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- यह उम्मीद नहीं थी हरियाणा वालों , थोड़ी तो इंसानियत रखते आप इस बंदे ने कितनी मेहनत करी थी…भूल गए किसान आंदोलन, भूल गए वो लाठियाँ…संघर्ष को सलाम भैया।
फेसबुक । आर्काइव
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के बारे में अलग अलग की-वर्ड के साथ सर्च करना शुरु किया। परिणाम में वायरल वीडियो का मूल वीडियो हमें Karnal Breaking News’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 4 जून 2024 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल ही का नहीं है।
जानकारी के अनुसार, लोकसभा चुनाव में जीत के बाद रोहतक में समर्थकों ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को लड्डू खिलाया। इस बीच चुनावी कार्यालय के बाहर समर्थकों और परिवारजनों के सामने दीपेंद्र भावुक हो गए।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए आगे की जांच करने पर वायरल वीडियो हमें राजस्थान के बाड़मेर में बायतु से विधायक हरीश चौधरी के ट्वीट में मिला। 6 जून 2024 को उन्होंने ये वीडियो शेयर करते हुए दीपेन्द्र हुड्डा को रोहतक सीट जीतने की बधाई दी थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी 4 जून 2024 को इस घटना का एक अन्य वीडियो ट्वीट किया था जिसमें ढोल की आवाज के बीच हुड्डा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अपने घर पर जीत का जश्न मना रहे हैं।
इस दौरान हमें कई मीडिया रिपोर्ट्स भी मिलीं जिनमें वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। इस वीडियो के बारे में छपी कई न्यूज रिपोर्ट्स भी मिली। 5 जून 2024 की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में हरियाणा की रोहतक सीट से जीत मिलने पर दीपेन्द्र सिंह हुड्डा भावुक हो गए।
निष्कर्ष- इस सारी जानकारी से यह स्पष्ट है कि, दीपेंद्र हुड्डा के भावुक होने का वायरल वीडियो हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद का नहीं है। यह वीडियो लोकसभा चुनाव का है, जब रोहतक से जीत हासिल करने के बाद दीपेंद्र हुड्डा कार्यकर्ताओं के सामने भावुक हो गए थे।

Title:दीपेंद्र हुड्डा के भावुक होने का वीडियो हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के बाद का नहीं है, वीडियो 4 महीने पुराना…
Written By: Sarita SamalResult: False
