
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें आरोपी अपना अपराध कबूल करता दिखाई रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि दिखाई दे रहा यह शख्स मुस्लिम है जिसने सहारनपुर में हिंदुओं के प्रति नफरत के कारण पुल पर बैठी एक हिंदू लड़की को नदी में धक्का दे दिया।
वायरल वीडियो के साथ यूजर्स ने लिखा है- सहारनपुर में एक लड़की नदी की पाल पर बैठी थी, तभी एक विशेष कोम का व्यक्ति बाजू में आकर बैठा और थोड़ी देर बाद उसने उस लड़की को धक्का मार के नदी में गिरा दिया पुलिस पूछताछ में बोल हिंदू लड़की थी बस ऐसे ही मेरा मन किया धक्का मारने का तो मेने मार दिया। ये है हिंदु के खिलाफ भरा हुआ जहर।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के खबर को अलग अलग की-वर्डस से सर्च किया। परिणाम में हमें अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। 4 अगस्त 2021 को प्रकाशित इस खबर के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में तस्लीमा आरोपी शख्स आसिफ से शादी करना चाहती थी, लेकिन वो पहले से ही शादीशुदा था। आसिफ ने तस्लीमा को शादी का झांसा देकर उसके घर विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश से सहारनपुर बुलाया।

इसके बाद जब लड़की ने शादी की जिद की तो आसिफ उसे घुमाने के बहाने हथिनी कुंड बैराज ले गया, जहां उसने अपने एक दोस्त की मदद से उसे यमुना नदी में धक्का दे दिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूला और उनकी दी हुई जानकारी की मदद से शव की बरामदगी के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
वहीं टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक दो लोग आंध्र प्रदेश की एक लड़की को अगवा कर सहारनपुर लाए और उसके गहने और पैसे लूटकर उसे हथिनी कुंड बैराज में धकेल दिया। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि परिवार वालों की पुलिस में शिकायत के बाद दो लोगों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
जांच में हमें मिले जागरण की रिपोर्ट में भी लड़की की पहचान विजयवाड़ा के कस्बा टाउन टू की निवासी तस्लीमा फातिमा के तौर पर की गई है।
आंध्र प्रदेश से आए युवती के परिजन और टू टाउन थाने के सब इंस्पेक्टर शब्बीर अहमद और कल्याण देव ने स्थानीय पुलिस की मदद ली और आरोपितों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि युवती को वह फोटो खींचने का बहाना बनाकर हथिनी कुंड बैराज पर ले गए थे और उसे वहीं यमुना नदी में धक्का दे दिया था।
पुलिस ने इनकी निशानदेही के बाद ही गोताखोरों की मदद से बैराज के पास यमुना नदी में युवती की तलाश शुरू की। युवती का शव बैराज से ऊपर की ओर टापू पर खड़ी झाडिय़ों के बीच मिला।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, लव जिहाद में हिंदू लड़की की हत्या के दावे से वायरल पोस्ट फर्जी है। इस शख्स ने जिस लड़की की हत्या की थी, वो मुस्लिम है और उसका नाम तस्लीमा था। सहारनपुर में 2021 को हुई इस घटना में लव जिहाद का मामला नहीं था।

Title:नहर में मुस्लिम लड़की को धक्का देकर प्रेमी द्वारा हत्या मामले को लव जिहाद के झूठे दावे के साथ वायरल….
Written By: Sarita SamalResult: False
