भगवद गीता के बारे में बात करती सुनीता विलियम्स का 2013 का वीडियो उनकी अंतरिक्ष से हाल में हुई वापसी से जोड़ कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

इंटरनेट पर हाल ही में अंतरिक्ष से पृथ्वी पर वापस लौटी सुनीता विलियम्स का 40 सेकंड का एक वीडियो क्लिप काफी वायरल हो रहा है, इसमें सुनीता को श्रीमद भगवद्गीता और उपनिषदों पर बात करते दिखाया जा रहा है। वीडियो एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का है, जिसमें सुनीता कहती हैं कि,”मैं भारतीय विरासत की सराहना करती हूं, मुझे खुशी है कि मैं इसके एक हिस्से को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा पाई, गणेश हमेशा मेरे घर में रहे हैं, मैं जहां भी रही हूं गणेश हमेशा मेरे साथ थे, इसीलिए उनको मेरे साथ अंतरिक्ष में भी आना पड़ा। “और भारतीय खाना, आप कभी भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो सकते। मैं सुनिश्चित करती हूं कि अंतरिक्ष में मेरे पास खाने के लिए समोसे हों। भगवद गीता, पिछली बार मैं अपने साथ उपनिषदों की व्याख्या से संबंधित एक कॉपी भी लाई थी। मैं भगवद गीता और ओडेसी (महाकाव्य) भी लाई थी, मुझे लगा अंतरिक्ष में होते हुए इन किताबों को पढ़ना काफी उपयुक्त है।“ इस वीडियो को सुनीता की वापसी के जोड़ कर शेयर किया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि उन्होंने पृथ्वी पर अपनी वापसी का श्रेय गीता और उपनिषद को दिया है। पोस्ट शेयर करते हुए यूज़र ने कैप्शन में लिखा है…
सुनीता विलियम्स ने अपनी सुरक्षित वापसी का श्रेय भगवद् गीता और उपनिषदों को दिया। वह 9 महीने तक अंतरिक्ष में रही।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वीडियो को ध्यान से देखा। ऐसा करने पर हमें इंडियन मीडिया की टीवी न्यूज़ चैनलो की माइक दिखाई दी। साथ ही वीडियो में हमने एक जगह पर SUNITA WILLIAMS IN DELHI लिखा हुआ देखा। इसकी मदद से हम गूगल पर कीवर्ड सर्च करते हुए एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो तक पहुंचे। यहां पर वीडियो को 2 अप्रैल 2013 को अपलोड किया गया था। इसके साथ कैप्शन में I had samosas in space with me, says astronaut Sunita williams लिखा हुआ था। इसी में हम 39वें सेकंड पर वायरल वीडियो के दृश्य को देख सकते हैं।
आगे सर्च करने पर हमने पाया कि सुनीता विलियम्स का यह वायरल वीडियो 2013 का है, जब उन्होंने नेशनल साइंस सेंटर, नई दिल्ली में एक दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत की थी। इस खबर को हिंदुस्तान टाइम्स, डेक्कन हेराल्ड और द इकोनॉमिक्स टाइम्स के हवाले से प्रकाशित किया गया है।
हमने सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से 9 महीने बाद हुई वापसी के बाद उनके हाल में किए गए प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में रिपोर्ट सर्च किया। पर हम ऐसे किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंचे जो वायरल दावे की पुष्टि करता हो।
हां हमें यह जानकारी प्राप्त हुई कि अंतरिक्ष में नौ महीने गुजराने के बाद धरती पर सुरक्षित वापस लौटी, सुनीता विलियम्स और उनके साथियों को 45 दिन के पुनर्वास कार्यक्रम में रखा गया है। ऐसा इसलिए है ताकि वे खुद को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुसार ढाल लें। इस बीच उनकी थेरेपी भी चलती रहेगी। इसलिए हम कह सकते हैं सुनीता विलियम्स के पुराने वीडियो को हाल के संदर्भ से जोड़ कर शेयर किया जा रहा है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि, भगवद गीता और उपनिषद को लेकर सुनीता विलियम्स के जिस बयान को उनकी वापसी से जोड़ कर शेयर किया जा रहा है, वो असल में साल 2013 में उनकी दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान का है। सुनीता विलियम्स की तरफ से धार्मिक वस्तुओं को अंतरिक्ष में ले जाने का वायरल वीडियो अभी का नहीं है।

Title:सुनीता विलियम्स का श्रीमद्भगवत गीता से जुड़ा 12 साल पुराना वीडियो, हाल में हुई उनकी वापसी से जोड़ कर वायरल…
Written By: Priyanka SinhaResult: Missing Context
