यह वीडियो हिमाचल प्रदेश का नहीं है। यह सिक्किम के गंगटोक में हुये हिमस्खलन का वीडियो है।

हाल ही में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन और लाहौल में हिमस्खलन हुआ था। और साथ ही सिक्किम में भी हिमस्खलन होने की खबर सामने आयी थी। इन घटनाओं को जोड़कर एक वीडियो इंटरनेट पर काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है। उसमें आप कई लोगों को बर्फ से साथ बहते हुये नीचे आते देख सकते है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हिमाचल प्रदेश में हुई घटना का है।
वायरल हो रहे पोस्ट के साथ यूज़र ने लिखा है,“हिमाचल प्रदेश में आज शाम 5 बजे के बाद हुए भीषण हिमस्खलन में ने मचाई भारी नुकसान। कई लोगों के मरने की आशंका। बर्फ पर खड़े होकर ले रहे थे सेल्फी। सैकड़ों लोगो के बर्फ में दबे होने की आशंका।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
इस वीडियो की जाँच हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च कर की। परिणाम में हमें यही वीडियो आजतक के चैनल पर 4 अप्रैल को प्रसारित किया हुआ मिला। उसके साथ दी गयी जानकारी में साफ साफ बताया गया है कि यह वीडियो सिक्किम में हुए हिमस्खलन का है।
आगे बढ़ते हुये हमें यह वीडियो एन.डी.टी.वी इंडिया की रिपोर्ट में भी प्रसारित किया हुआ मिला। यह वीडियो 5 अप्रैल को पोस्ट किया गया था। उसमें भी यही बताया गया है कि इसमें दिख रही घटना सिक्किम में हुये हिमस्खलन की है। उसमें 27 लोग फंस गये थे। इस घटना में 20 लोगों को बचा लिया गया था और सात लोगों की मौत हो गयी।
भास्कर के वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि सिक्किम की यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे गंगटोक को नाथू ला दर्रे से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर हुई थी। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में लाहौल- स्पीति जिले के लाहौल अनुमंडल में चीका के पास हिमस्खलन हुआ। इस घटना में सीमा सड़क संगठन के दो मजदूरों की मौत हो गयी थी और एक लापता था।
निष्कर्ष:
तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। यह वीडियो हिमाचल प्रदेश में हुये हिमस्खलन का नहीं है। यह सिक्किम के गंगटोक में हुये हादसे का वीडियो है।

Title:पिछले दिनों सिक्किम में हुये हिमस्खलन के वीडियो को हिमाचल प्रदेश का बताकर वायरल किया जा रहा है।
Fact Check By: DrabantiGhoshResult: Partly False
