
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लड़कियां जमीन पर पड़ी एक लड़की को मार रही हैं। लड़कियों ने लात-घूसों के अलावा उस लड़की को बेल्ट से भी मारा।
वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह घटना उत्तर प्रदेश की है। वहीं इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार को निशाना बनाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश पोलिस को टैग कर यूजर्स लिख रहे हैं कि “खुले आम लड़कियों की गुंडागर्दी का वीडियो आया सामने, वीडियो में 4 लड़कियां एक अकेली लड़की को लात-घूसों से मार रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इस तरह के वीडियो सरकार की व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करते हैं।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह वीडियो कई मीडिया चैनलों में मिला। 8 नवंबर को जी न्यूज में प्रकाशित खबर के मुताबिक वायरल वीडियो मध्य प्रदेश इंदौर शहर का है। एलआईसी चौराहे पर शराब के नशे में धुत्त कुछ लड़कियों ने रात में करीब 12 बजे एक लड़की के साथ मार-पीट की थी।
एलआईजी चौराहे पर लड़कियां बीच सड़क पर मारपीट करने लगी। मामला एमआईजी थाना क्षेत्र का बताया गया है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता प्रिया ने टीना, मेघा एव अन्य के खिलाफ इसकी शिकायत की है। एमआईजी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
घटना की पूरी जानकारी के लिए हमने एमआईजी पुलिस थाने के प्रभारी अजय वर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया की यह घटना इंदौर की है। पीड़िता का नाम प्रिया है। उसके साथ मारपीट की घटना चार नवंबर को रात एक बजे एलआईजी चौराहे पर हुई।
अचानक किसी बात पर विवाद होने के बाद लड़कियों ने प्रिया को पीटा। लड़कियों की उम्र लगभग 18 से 22 साल है। आरोपियों में शामिल मेघा मालवीय, टीना सोनी और पूनम अहिरवार को सोमवार को पुलिस थाने लाया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 294 (गाली-गलौज), 323 (मारपीट), 506 (धमकाना) के तहत प्राथमिकी मामला दर्ज की गई है। आरोपी लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। और पीड़ित अभी स्वस्थ हैं।
इसके अलावा इंदौर पुलिस झूठी खबर फैला रहे ट्विटर यूजर और यूपी पुलिस को टैग कर स्पष्टीकरण दिया है कि वायरल वीडियो इंदौर मध्य प्रदेश का है।
निष्कर्ष-
तथ्यों की जांच के बाद हमने पाया कि नशे में धुत मारपीट कर रही लड़कियों का यह वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के इंदौर शहर का है।

Title:मध्य प्रदेश का वीडियो यूपी में सड़क पर लड़कियों की मारपीट का बोलकर वायरल; जानिए सच
Fact Check By: Sarita SamalResult: False
