
अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल 2026 को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा हो गई, लेकिन इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें बिल्डिंग के पास फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी खड़ी है और कुछ लोग अंदर जा रहे हैं। तभी अचानक धमाका होता है।वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इजरायली रक्षा मंत्री योआव गैलेंट पर हमला किया है और यह बिल्डिंग रक्षा मंत्रालय की है।
वायरल वीडियो के साथ लिखा है- क्या ईरान ने इजरायली रक्षा मंत्री को खत्म कर दिया? ये बिल्डिंग इजरायली रक्षा मंत्री की बताई जा रही है, ईरानी हमले से इस बिल्डिंग को बहुत नुकसान पहुंचा है।”

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें ‘Fernanda Melchionna’ नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 31 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। इससे ये साफ है कि वीडियो का अमेरिका और ईरान के बीच चल रही हालिया युद्ध से कोई संबंध नहीं है।

मौजूदा जानकारी के मुताबिक, वीडियो ब्राजील के शहर सैंटाना डो लिव्रामेंटो में लगी भीषण आग का है।
मिली जानकारी से मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें ब्राजील की न्यूज वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट को 31 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, सैंटाना डो लिव्रामेंटो के सुपरमार्केट में आग लग गई थी और दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे थे। तभी वहां विस्फोट हो गया और करीब 17 लोग घायल हो गए ।

वायरल वीडियो हमें इसी जानकारी के साथ एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को 31 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था, जब 31 दिसंबर की सुबह-सुबह, उरुग्वे स्थित सैन्टाना डो लिव्रामेंटो के एक सुपरमार्केट में आग लग गई। रियो ग्रांडे डो सुल के सैन्य दमकल विभाग के अनुसार, छह दमकलकर्मी घायल हो गाए , जिनमें ब्राज़ीलियाई और उरुग्वे के नागरिक दोनों शामिल थे ।

ईरान और अमेरिका के बीच जंग-
ईरान और अमेरिका के बीच 28 फरवरी से शुरू हुई जंग में फिलहाल पॉज बटन लग चुका है। अमेरिका ने दो हफ्ते के लिए युद्धविराम का ऐलान किया है। जैसे ही ये खबर आई तो लगा कि मध्य एशिया में अब तनाव कम हो सकता है और क्षेत्र में शांति के आसार हैं। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं, लेबनान पर इजरायल ने हमले शुरू कर दिए, जिससे सीजफायर के मजबूती से आगे बढ़ने को लेकर आशंकाएं उठने लगी। पाकिस्तान में शांति वार्ता पर चर्चा में शामिल होने से ईरान ने इनकार कर दिया। हालांकि, ईरान-अमेरिका में युद्ध विराम पर फैसले के बाद भारत सरकार और भी एक्शन मोड पर आ गई। दिल्ली ने खाड़ी देशों से संपर्क बढ़ाया है। मोदी सरकार के तीन धुरंधर अमेरिका, कुवैत और यूएई को फोकस करने पर जुट गए।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, इजरायल के रक्षा मंत्री की इमारत पर हुए हमले के दावे से वायरल ब्लास्ट के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि दिसंबर 2025 का है।


