हांगकांग के पुराने अग्निकांड के दृश्यों को इज़रायल-ईरान युद्ध से जोड़ा गया।

फरवरी 2026 में अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमले के बाद से मध्य-पूर्व में युद्ध छिड़ हुआ है। इस हमले का ईरान ने भी जवाब दिया और उसकी तरफ से भी इज़राइल पर बार-बार ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए गए। इसी से जोड़ते हुए इंटरनेट पर बड़ी इमारतों में लगी भीषण आग और वहां मौजूद दमकल की गाड़ियों को दिखाता एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसे फैलाते हुए दावा किया जा रहा है कि यह इजरायल के तेल अवीव का वीडियो है जहां ईरान के हमले के बाद भयानक रूप से विस्फोट हुआ और वहां के शहरों पर इसका असर दिखाई दे रहा है। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…
ईरान के हमले से इजराइल के तेल अवीव में बड़े पैमाने पर विस्फोट हो रहे है जिससे इजरायल के शहर हिल रहे हैं
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को लेकर उनका रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यह वीडियो हांगकांग के एक मीडिया आउटलेट के इंस्टाग्राम अकाउंट से 26 नवंबर 2025 को अपलोड किया हुए मिला। यहाँ पर वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, इसे हांगकांग के ताई पो के वांग फुक कोर्ट में लगी आग का बताया गया है। वहीं रात होने के कारण आग फैलती रही और कई इमारतें आग की चपेट में आ गईं। ऊपरी मंजिलों से कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और आग का एक बड़ा गोला भी दिखाई दिया।
हमने देखा की इसी इंस्टा अकाउंट पर आग लगने की इस घटना से जुड़े अपडेट दिए जा रहे थें। ये सभी वीडियो उसी हादसे वाली जगह से ही रिकॉर्ड किए गए थें।
इसके बाद आगे पड़ताल करने पर हमें साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। यहां पर वीडियो को 1 दिसंबर 2025 को साझा किया गया है। इसमें वायरल वीडियो से मिलते हुए क्लिप दिखाई देते हैं। बताया गया है कि हांगकांग के अधिकारियों ने शहर की सबसे भीषण आग की घटना की आपराधिक जांच की थी, जिसमें कम से कम 149 लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही कई अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर थी। यह त्रासदी 26 नवंबर, 2025 को ताई पो स्थित एक आवासीय परिसर में आग लगने से शुरू हुई थी। जबकि आग लगने के लगभग 20 घंटे बाद भी दमकलकर्मी प्रभावित सात में से तीन ब्लॉकों में आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। सुबह होते ही दमकलकर्मियों के ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के साथ ही इमारतों में फंसे कई निवासियों को बचा लिया था।
खोज में हमें मिली बीबीसी की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, हांगकांग के वांग फुक कोर्ट में इस भीषण हादसे में करीब 168 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 58 पुरूष और करीब 110 महिलाएं शामिल थीं। हादसे की जांच में हांगकांग पुलिस ने इस घटना में 30 से अधिक लोगों को गैर-इरादतन हत्या, धोखाधड़ी या भ्रष्टाचार के संदेह में गिरफ्तार किया था।
इसके साथ ही और पड़ताल किए जाने पर हमें कई ऐसी मीडिया रिपोर्ट मिली है जो यह स्पष्ट करते हैं कि वायरल वीडियो हांगकांग के वांग फुक कोर्ट का ही है। इन रिपोर्टों को हम नवंबर 2025 में प्रकाशित देख सकते हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो नवंबर 2025 का है जब हांगकांग के वांग फुक कोर्ट में भयानक अग्निकांड हुआ था। उसी समय की घटना को ईरान-इजरायल के हालिया युद्ध संघर्ष से जोड़कर भ्रामक दावे से फैलाया जा रहा है।


