चिराग पासवान के जिस वीडियो को श्रीगंगानगर का बताया जा रहा है, वह बिहार के दरभंगा का है।

False Political

श्रीगंगानगर रेप पीड़िता से मुलाकात का नहीं है चिराग पासवान का यह वीडियो, एक जातीय हिंसा से जुड़े मामले का है। 

राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है। इसी बीच इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान एक बच्ची से मिलते दिख रहे हैं। यूजर्स का दावा है कि चिराग पासवान श्रीगंगानगर की पीड़िता से मिलने पहुंचे। वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…

श्रीगंगानगर (राजस्थान) की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी अमानवीय घटनाएँ किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक हैं। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों हो, उसे कानून के तहत कठोर से कठोर सज़ा मिलनी चाहिए। मासूम बेटियों की सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मैं माननीय चिराग पासवान जी द्वारा इस मामले को गंभीरता से उठाने और पीड़िता को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता का स्वागत करता हूँ। न्याय तभी सार्थक होगा जब इस जघन्य अपराध में शामिल प्रत्येक दोषी को शीघ्र और कठोर दंड मिले, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हैवानियत करने का साहस कर सके।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से कीफ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। परिणाम में हमें यह वीडियो बिहार तक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 15 फरवरी 2026 को अपलोड की गई वीडियो रिपोर्ट में मिला। इसके अनुसार, यह वीडियो बिहार के दरभंगा स्थित दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल का है, जहां दरभंगा के हरिनगर गांव में हुई एक हिंसक मारपीट में घायल हुए लोगों को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इस दौरान चिराग पासवान उन्हीं घायलों का हालचाल जानने वहां पहुंचे थे, जहां पीड़ित परिवार से बात करते हुए वे भावुक हो गए थे। रिपोर्ट में चिराग पासवान को मीडिया से बात  करते हुए पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की बात करते हुए देखा जा सकता है। तभी वे बातचीत करते हुए कहते हैं कि समाज में कुछ लोग भेदभाव फैलाने का काम करते हैं, लेकिन ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिर हमें यहीं वीडियो नवभारत टाइम्स के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला। यहां कैप्शन में लिखा था, “दरभंगा में चिराग पासवान जब अस्पताल में घायल बच्ची से मिलने पहुंचे, तो वह उनसे मिलते ही फूट-फूटकर रो पड़ी। बच्ची ने रोते हुए बताया कि उसके पिता को जबरदस्ती मारा गया और उनका घर तोड़ दिया गया। उसने कहा कि घर में रखा सारा सामान और खाने-पीने की चीजें भी लूट ली गईं। बच्ची की बात सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।”

और पड़ताल करने पर हमें दैनिक भास्कर और न्यूज इंडिया-24 की मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें बताया गया है कि चिराग पासवान ने दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के हरीनगर में मजदूरी विवाद की वजह से हुई मारपीट में घायल बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात की थी। असल में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरीनगर गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद जातीय तनाव में बदल गया था, जिसमें ब्राह्मण समुदाय के लोगों पर पासवान समाज के लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। घटना के बाद चिराग पासवान ने घायलों से DMCH में मुलाकात की और कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हमने खोज कर के यह भी पता लगाया कि क्या वाकई में चिराग पासवान श्रीगंगानगर जाकर दुष्कर्म पीड़िता बच्ची से मिले। लेकिन हम ऐसे किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंचे जो वायरल दावे की पुष्टि करता हो। 

हमने चिराग पासवान के एक्स हैंडल को भी खंगाला, लेकिन उनके श्रीगंगानगर जाकर दुष्कर्म पीड़िता बच्ची से मिलने सम्बंधित कोई जानकारी मौजूद नहीं है।

श्रीगंगानगर रेप केस में अब तक 

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक नाबालिग बच्ची के साथ होटल में कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना से जुड़े 3 होटलों पर बुलडोजर भी चलाया है। आरोप है कि 18 जून 2026 को लड़की अपने घर लौटने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी थी, लेकिन चालक ने उसे एक होटल संचालक को बेच दिया था। उसे 30 से ज्यादा लोगों के सामने लाया गया था । फिर 22 जून को होटल ‘जॉय इन’ से पीड़िता मिली थी। गिरफ्तार लोगों में ई-रिक्शा चालक, होटल मालिक और मैनेजर भी शामिल हैं।घटना सामने आने के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और मामले से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक NRI आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो न्यूज़ीलैंड से भारत आया था।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो चिराग पासवान के अस्पताल में एक नाबालिग लड़की से मिलने का है जब बिहार के दरभंगा में हुई एक हिंसा में घायल लोगों से मिलने गए थे। इसे श्रीगंगानगर रेप केस से जोड़कर फर्जी रूप में फैलाया जा रहा है। 

Result Stamp

Title: चिराग पासवान के जिस वीडियो को श्रीगंगानगर का बताया जा रहा है, वह बिहार के दरभंगा का है।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply