जेद्दा की पुरानी घटना के वीडियो को ईरान-अमेरिका के हालिया जंग से जोड़कर किया जा रहा शेयर।

एक बार फिर से पश्चिम एशिया में (Strait of Hormuz) होर्मुज जलडमरूमध्य पर कंट्रोल को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। जिससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक इमारत धू-धू कर जलती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह ईरान पर अमेरिका के तरफ से हुए हाल के हमले का फुटेज है। यूज़र ने वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया है…
ईरान पर अबतक का सबसे बड़ा हमला…500 से ज़्यादा मिसाइलों के एक साथ हमले से दहल उठी इरान की धरती, चारों तरफ धुआँ….100 से ज़्यादा ईरानी सैनिकों के चीथड़े मिले हज़ारो सैनिकों का अब भी सुराग नहीं ईरान अंत के करीब
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमने यह पाया कि यह वीडियो 26 मार्च 2022 का है। इस वीडियो को रायटर्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। जिसके अनुसार, यह वीडियो यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के ऊर्जा केंद्रों पर किए गए हमले का है। इस हमले में जेद्दा स्थित अरामको तेल कंपनी के पेट्रोलियम डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन को निशाना बनाया गया था, जिससे वहाँ के दो स्टोरेज टैंकों में भीषण आग लग गई थी। हालांकि, इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई थी।
कतर डे के फेसबुक पेज पर 25 मार्च 2022 को इस घटना का एक अन्य वीडियो जारी किया गया था। यहां पर मौजूद रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के जेद्दा शहर में स्थित एक तेल डिपो में बेहद भयानक आग लग गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी यमन के हूती विद्रोहियों ने ली थी। सऊदी अरब के सरकारी मीडिया चैनलों ने भी पुष्टि की थी कि ईरान समर्थित हूती गुट ने देश पर कई ड्रोन और रॉकेट दागे थें। इस हमले के बाद जेद्दा के आसमान में चारों तरफ काले धुएं के विशाल गुबार छा गए।
आगे और पड़ताल करने पर हमें इस बारे में द सन और अलजज़ीरा इंग्लिश की वीडियो रिपोर्ट भी मिली, जिसे इनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 6 मार्च 2022 को अपलोड किया गया था। बताया गया है कि यह सऊदी अरब के शहर जेद्दा में हुती समूह द्वारा किए गए हमले का फुटेज है।
क्या है संदर्भ
होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर नियंत्रण की जंग अब बेहद हिंसक हो चुकी है। अमेरिका और ईरान एक-दूसरे के रणनीतिक ठिकानों पर बड़े हमले कर रहे हैं। अमेरिकी सेना ने ईरान पर भीषण बमबारी करते हुए जहां ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी करते हुए एक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया। तो वहीं ईरानी अधिकारियों का आरोप है कि अमेरिका ने जानबूझकर उनके हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और पुलों जैसे नागरिक बुनियादी ढांचों को तबाह कर रहा है। ईरान की तरफ से पलटवार करते हुए ओमान में अमेरिकी रडार सिस्टम को ध्वस्त करने का दावा किया गया है। साथ ही ईरान ने अपनी जवाबी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए कुवैत, बहरीन और सीरिया में स्थित अमेरिकी स्पेशल ऑपरेशन्स कमांड सेंटरों को भी निशाना बनाया है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। जिस वीडियो को अमेरिका की तरफ से ईरान पर हाल में हुए हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है। असल में वह मार्च 2022 में सऊदी अरब के जेद्दा पर हुए हमले का है। इसलिए, पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा फर्जी है।


