
असम में आई बाढ़ से कई गाँव डूब गए, बुनियादी ढाँचे को नुकसान पहुँचा और शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट जैसे ज़िलों में परिवहन व्यवस्था बाधित हुई। 31 जुलाई 2026 तक की सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, बाढ़ के कारण 80 लोगों की मौत हो चुकी है। इस संदर्भ में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है । जिसमें कई महिलाओं को बाढ़ के पानी में बहते हुए दिखाया गया है।
दावा किया गया है कि ये असम में अभी आई बाढ़ के पीड़ितों के शव हैं।
वायरल वीडियो के साथ लिखा है- गुवाहाटी में बाढ़ का तांडव ,लोगों की ज़िंदगी हुई तहस-नहस ,भारी बारिश और जलभराव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित। कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। असम के लोगों के लिए दुआ करें।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में हमें सिमरन SK नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो से मेल खाता हुआ वीडियो मिला। यह वीडियो 3 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था।
पोस्ट के कमेंट सेक्शन को देखने से पता चला कि वीडियो स्क्रिप्टेड है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें एक और वीडियो मिला, जिसमें लोग ज़मीन पर बिना हिले-डुले ऐसे पड़े थे जैसे कि वे लाशें हों।

उसी अकाउंट पर अपलोड किए गए वीडियो के दूसरे हिस्से में, वही लोग जो पहले हिस्से में लाशों की तरह पड़े थे, वीडियो शूट खत्म होने की घोषणा के बाद उठते हुए दिखाई दिए।
इससे साफ़ पता चलता है कि यह सीन मनोरंजन के मकसद से बनाया गया था, न कि किसी असली घटना का फुटेज था।
इसके अलावा, यह वीडियो 3 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था।
जबकि BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, असम में लगातार बारिश और उसके कारण आई बाढ़ 19 जुलाई को शुरू हुई थी। यानी वीडियो अपलोड होने के काफी समय बाद। इससे यह दावा गलत साबित होता है।

खबरों के मुताबिक, असम में जुलाई के मध्य से हो रही भारी बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों का जलस्तर असाधारण तेज़ी से बढ़ा है। पिछले चार हफ़्तों में कम से कम 80 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 40 लोग लापता हैं। 21 ज़िलों में 6 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और हज़ारों लोगों को राहत शिविरों में जाना पड़ा है।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, एक स्क्रिप्टेड वीडियो को गलत तरीके से असम में 2026 की बाढ़ में मारे गए लोगों की लाशों का बताकर शेयर किया जा रहा है।


