Gen Z’ को ‘गटर जनरेशन’ कहने पर कंगना रनौत पर हमले का दावा फर्जी , वीडियो तृणमूल कांग्रेस की नेता प्रणयिता दास का है….

Misleading Political

NEET पेपर लीक मामले को लेकर CJP प्रदर्शनकारियों के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी करने के बाद कंगना रनौत विवादों में घिर गईं। उन्होंने विरोध प्रदर्शन के वीडियो में उनके व्यवहार और भाषा की निंदा करते हुए उन्हें “गंदगी”, “कचरा” और “जेनरेशन गटर” कहा। इस संदर्भ में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें दावा किया गया है कि, बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर CJP प्रदर्शनकारियों के बारे में उनकी टिप्पणी के बाद भीड़ ने उनपर हमला किया है। 

वायरल वीडियो के साथ लिखा है- कंगना का एक विवादित बयान को लेकर के कंगना का भीड़ में जबरदस्त ठुकाई के कुटाई हुआ है।

 फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…   

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल  वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें  JDN न्यूज के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो का लंबा वर्जन शेयर किया हुआ मिला, जिसे 30 जुलाई को अपलोड किया गया था। 

 पोस्ट के मुताबिक, वीडियो में दिख रही महिला तृणमूल कांग्रेस के नेता कृष्ण दास की बेटी प्रणयिता दास हैं और ये वीडियो जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने का है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर  हमें 30 जुलाई 2026 को छपी कई मीडिया रिपोर्ट मिली। जिसे  यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है। 

 इन रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में दिख रही महिला जलपाईगुड़ी ज़िला परिषद की शिक्षा कर्माध्यक्ष और वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता कृष्णा दास की बेटी प्रणयिता दास हैं।

 वह चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक मामले की जांच में सहयोग करने के कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए जलपाईगुड़ी कोतवाली पुलिस स्टेशन पहुंची थीं। 

पुलिस स्टेशन के बाहर, कथित तौर पर BJP कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया, उन पर हमला किया, “चोर, चोर” के नारे लगाए और उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके।

प्रणयिता जलपाईगुड़ी जिला परिषद की शिक्षा अधिकारी-

बांग्ला न्यूज आउटलेट ‘EI Samay’ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रणयिता जलपाईगुड़ी जिला परिषद की शिक्षा अधिकारी हैं।  उनके पिता कृष्ण दास जलपाईगुड़ी सदर  विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी थे, जो चुनाव हार गए थे। प्रणयिता और उनके पिता, दोनों ही बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बाद हुई हिंसा के एक मामले में आरोपी हैं। 

दरअसल, चुनाव के नतीजे घोषित होने के अगले दिन छह बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला किया गया था।

निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो में CJP प्रदर्शनकारियों पर टिप्पणी के बाद कंगना रनौत पर हमला हो ते हुए नहीं दिखाया गया है। यह तृणमूल कांग्रेस की नेता प्रणयिता दास के साथ जलपाईगुड़ी में 30 जुलाई को हुई धक्का-मुक्की का वीडियो है।

Result Stamp

Title: Gen Z’ को ‘गटर जनरेशन’ कहने पर कंगना रनौत पर हमले का दावा फर्जी , वीडियो तृणमूल कांग्रेस की नेता प्रणयिता दास का है….

Fact Check By: Sarita Samal

Result: Misleading

Leave a Reply