
देश की राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन चार मार्च को हुई 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के बाद उसे न्याय दिलाने के नाम पर कई जगह प्रदर्शन देखे गए हैं। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक बड़ी भीड़ दिखाई दे रही है। दावा किया गया कि वीडिय तरुण को न्याय दिलाने के लिए हिंदुओं की इकट्ठा हुई भीड़ की है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- सड़कों पर उमड़ा हिंदुओं का जनसैलाब तरुण भाई के लिए न्याय की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही है,लोगों की एक ही मांग है न्याय भी हो और दोषियों को कड़ी सजा भी मिले, हिंदू एकता ज़िंदाबाद ।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया । परिणाम में वायरल वीडियो का लंबा वर्जन हमें ‘Indiatimes’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि यह हाल का वीडियो नहीं है।

कैप्शन के अनुसार, इस वीडियो को जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार का बताया गया।

तरुण को न्याय दिलवाने के लिए रैली –
गूगल सर्च करने पर हमें इस बारे में कई खबरें मिलीं। प्रभात खबर की वेबसाइट पर 19 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट में यह बताया गया कि 15 मार्च को दिल्ली के हस्तसाल स्थित श्रीअयप्पा पार्क, एलआईजी फ्लैट्स क्षेत्र में सर्व हिंदू समाज की ओर से आक्रोश सभा सह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी।
इस सभा में हजारों की संख्या में लोग जुटे और हत्या में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कठोर दंड देने की मांग उठाई।

सर्च के दौरान हमें रिपब्लिक भारत नाम के एक यूट्यूब चैनल पर तरुण हत्याकांड पर प्रदर्शन से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट मिली। 20 मार्च 2026 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में लोगों का गुस्सा देखने को मिला। लोगों ने गाड़ियों में आग लगाई और उसके बाद से ही उत्तम नगर इलाके में पुलिस का जो डिप्लॉयमेंट है वह और भी ज्यादा बढ़ा दिया गया।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, असम के गायक जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार में मौजूद भीड़ के वीडियो को दिल्ली के तरुण हत्याकांड़ से जोड़ते हुए गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।


