पश्चिम बंगाल के नाम पर फैलाया जा रहा यह वीडियो असल में बिहार चुनाव 2025 का है।

29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान पूरा हो गया है। जिसके बाद अब 4 मई को पांच राज्यों के चुनाव के परिणाम घोषित किए जायेंगे। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें बक्सों से लदा एक ट्रक दिखाई दे रहा है और उसके आस-पास कुछ सुरक्षाकर्मी भी तैनात हैं। वहीं वीडियो के बैकग्राउंड में कुछ लोग हंगामा करते हुए भी नज़र आते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बंगाल में चल रहे चुनाव का है जहां बीजेपी ईवीएम बदलने के लिए ट्रक लेकर पहुंची। यह वीडियो फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
बीजेपी वाले ईवीएम चेंज करने के लिये ट्रक भर के लाएं वो पकड़ा गया।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें 13 नवंबर 2025 में फेसबुक पर एक पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें वायरल वीडियो को शेयर किया गया था। साथ ही पोस्ट के कैप्शन में यह बताया गया कि सासाराम में आधी रात को बक्सों से लदा ट्रक मतगणना केंद्र के अंदर जा पहुंचा, जिसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया और ‘वोट चोर’ के नारे लगाए गए।
मिली जानकारी को आधार बनाकर आगे सर्च करने पर हमें इस संदर्भ से जुड़ी एक रिपोर्ट मिली, जिसे नवभारत टाइम्स ने 13 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया था। इसमें वीडियो रिपोर्ट को साझा किया था, पता चलता है कि मतगणना से एक दिन पहले रोहतास जिले के सासाराम स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर आधी रात को एक ट्रक पहुंच गया था, जिसके बाद राजद कार्यकर्ताओं और अन्य उम्मीदवारों ने जमकर बवाल किया। रिपोर्ट में वायरल वीडियो से मेल खाते दृश्यों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दिखाए गए हैं।
इस विषय में हमें ईटीवी बिहार की वेबसाइट पर 13 नवंबर 2025 को छपी रिपोर्ट मिली, जिसके अनुसार, सासाराम में मतगणना से एक दिन पहले स्ट्रांग रूम के पास ट्रक पहुंचने के बाद राजद प्रत्याशियों ने हंगामा किया। रोहतास के डीएम उदिता सिंह के हवाले से बताया गया कि सभी बक्से खाली पाए गए हैं। वहीं, एसडीएम आशुतोष रंजन के अनुसार, ये खाली बक्से मतगणना के बाद ईवीएम रखने के लिए बताये गए थें।
इसलिए स्पष्ट हो जाता है कि वायरल वीडियो बंगाल चुनाव से सम्बंधित नहीं है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि बंगाल चुनाव के नाम पर साझा किया जा रहा वायरल वीडियो, बिहार के सासाराम का है। जब खाली बक्सों से भरा एक ट्रक स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गया था। हालांकि ये बक्से खाली पाए गए थें। उसी समय के वीडियो को फर्जी रूप में फैलाया जा रहा है।


