
सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेज़ी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें दो लोग ई-रिक्शा में जा रहे एक जोड़े के साथ मारपीट करते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का है और इसमें एक मुस्लिम जोड़े के साथ मारपीट की जा रही है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- नये भारत मैं अपराधी बेखौफ है बीजेपी सरकार मैं।अपराधियों का राज ऐसा है कि पहले जनता को मारते है उसका वीडियो खुद बना कर सोशल मीडिया पर डालते हैं दबंगों को कोई खौफ नहीं कानून का अगर कानून का डर खौफ होता तो ये सब जो कर रहे हैं नहीं करते एक मुस्लिम महिला और उसके पति के साथ जो हो रहा है बो वीडियो में साफ दिख रहा है बहुत अच्छी बात है नया भारत तरक्की कर रहा है
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें ‘@muklesurbhaijaan2.0‘ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। हमने पाया कि 9 जून 2026 को अपलोड किया हुआ यह वीडियो वायरल वीडियो का विस्तृत संस्करण था।

पड़ताल में आगे हमने इस यूट्यूब चैनल की और जांच की। इसमें पाया गया कि चैनल के मालिक ने चैनल के विवरण में साफ़ तौर पर बताया था कि यहां अपलोड किए गए सभी वीडियो स्क्रिप्टेड हैं और सिर्फ़ मनोरंजन के मक़सद से बनाए गए हैं, इनमें वास्तविक घटनाओं को नहीं दिखाया गया है।
विवरण में लिखा है: “मेरे चैनल के सभी वीडियो मनोरंजन के मकसद से, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्क्रिप्टेड और सावधानी से प्लान किए गए हैं। इन्हें सिर्फ़ मनोरंजन के लिए दिखाया जाता है; कृपया बुरा न मानें।”

इन जानकारियों से यह साफ होता है कि वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना स्क्रिप्टेड थी और इसमें भारत में किसी मुस्लिम जोड़े पर हुए असल हमले की कोई खबर नहीं थी। इस तरह के स्क्रिप्टेड अन्य वीडियो भी यहां मौजूद है, जिनको देखा जा सकता है।

वायरल दावे के संदर्भ में आगे हमने कीवर्ड्स का इस्तेमाल करके यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या हाल में भारत में ऐसी कोई घटना हुई है। हालांकि, सर्च में ऐसी किसी घटना की पुष्टि करने वाली कोई भरोसेमंद खबर नहीं हमें मिली। क्यूंकि अगर यह दावा सच होता, तो मीडिया में इसकी व्यापक चर्चा हुई होती।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो किसी असली घटना से सम्बंधित नहीं है। यह वीडियो एक कंटेंट क्रिएटर ने मनोरंजन के मकसद से बनाया और अपलोड किया था, जिसे बाद में अलीगढ़ में एक मुस्लिम जोड़े पर हमले की सच्ची घटना के रूप में भ्रामक दावे से शेयर किया गया।


