तिरंगा के साथ जश्न मनाने का वीडियो टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप में जीत का है, बंगाल चुनाव परिणाम से सम्बंधित नहीं है।

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणाम से जोड़ते हुए सोशल मंचों पर फर्जी व भ्रामक पोस्टों की भरमार दिखाई दे रही है। इसी बीच एक वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में कुछ लोगों को हाथों में तिरंगा लिए हुए दिखाया गया है। जिसे साझा करने वाले यूज़र्स द्वारा किया गया है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत और वहां हुए सत्ता परिवर्तन की खुशी में जश्न को दिखा रहा है।यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…
जब कोई समाज स्वतंत्र होते है तो वह कितना खुश होता है उसकी कल्पना आप इस विडिओ से महसूस कर सकते हैं। ऐसा लग रहा मानो हिटलर जर्मनी से गया हो। अद्भुत अद्वितीय दृश्य
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स लेकर उन्हें गूगल लेंस के जरिए ढूंढना शुरू किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो स्ट्रीटस ऑफ संगम नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। यहां पर वीडियो को 8 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था और इसे प्रयागराज के जश्न का बताया गया था। हमने देखा कि वीडियो साथ में हैशटैग में वर्ल्डकप, लोकनाथ मेंशन किया गया है।
साथ ही वायरल और असली वीडियो में एक दुकान के ऊपर Suman Ornaments लिखा हुआ नज़र आता है।

यहीं नहीं हमें वायरल वीडियो से मिलते जुलते अन्य वीडियो भी यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पर भी मिले हैं।
इनमें मिनी सिंह नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो के लंबे वर्जन को शेयर किया गया है। वीडियो को प्रयागराज के जश्न का बताया गया है जब भारत की टी20 वर्ल्ड कप में जीत हुई थी और प्रयागराज के लोकनाथ में जश्न मनाया गया था। स्पष्ट हो जाता है कि वायरल वीडियो प्रयागराज का ही है।
यहां हमारा ध्यान इस बात पर भी गया कि हमें मिले साक्ष्यों में Suman Ornaments दुकान का नाम और बाबा लोकनाथ द्वार का नाम मिला है। इसलिए हमने गूगल स्ट्रीट व्यू का इस्तेमाल करते हुए प्रयागराज के बाबा लोकनाथ द्वार पर भी इस दुकान की खोज की। हमें यह दुकान लोकनाथ द्वार के पास ही नजर आई।

पड़ताल में आगे हमें दैनिक भास्कर और अमर उजला की रिपोर्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो से मिलते हुए विजुअल को देखा जा सकता है। पता चलता है कि टी-20 विश्वकप में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रयागराज में जबरदस्त जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के लोकनाथ और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर कर जश्न मनाते नज़र आये।
दरअसल 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला गया था। इसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया था। इसी खुशी में प्रयागराज समेत देशभर में बड़ी संख्या में प्रशंसक सड़कों पर उतर जश्न मनाते दिखाई दिए।
इसलिए यह पुष्टि होती है कि वायरल वीडियो प्रयागराज का है, न कि पश्चिम बंगाल का।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। वास्तव में वीडियो प्रयागराज में भारत की T20 विश्व कप जीत के बाद हुए जश्न का है जिसे पश्चिम बंगाल का बताते हुए भ्रामक रूप में शेयर किया जा रहा है।


