
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मुस्लिम लोग हिंदुओं की शादी में डीजे बंद करवा रहे हैं। वायरल वीडियो 57 सेकेंड का है, जिसमें कुछ मुस्लिम लोग शादी वाले एक घर में जाकर डीजे बंद करने के लिए कहते हैं। जब घर वाले डीजे बंद करने से मना करते हैं, तो उनमें से एक शख्स कहता है कि इस्लाम में गाना-बजाना हराम है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि मुस्लिम लोग हिंदुओं की शादी में डीजे बंद करवा रहे हैं।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- जहाँ इनकी आबादी बढ़ी वहाँ शरीयत लागू, हिम्मत देखिए यह खुले आम हिंदुओं की शादी में DJ बंद करवा दिया। थोड़े दिन और रुक जाओ ऐसे ही यह तुम्हें शादी भी नहीं करने देंगे दुल्हन को ही उठा ले जाया करेंगे ।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें तब्लीगी शान नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। यहां पर वीडियो को 28 मार्च को अपलोड किया गया है।
इस वीडियो को देखने पर हमने पाया कि जब वीडियो में दिख रहे लोग शादी में पहुंचते हैं, तो वहां मौजूद एक आदमी से कहते हैं “और सलमान भाई सब खैरियत है? क्या करा रहे हो बच्चों से ये?” इसके बाद वे लोग घरवालों को गाना बजाने से मना करने के लिए कहते हैं, लेकिन घर वाले भी मना कर देते हैं।
आगे हमें मिली इंस्टाग्राम अकाउंट को चेक करने पर यह पता चला कि, यूजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके वायरल दावों को झूठा बताया है।

इसी इंस्टाग्राम अकाउंट से 19 मई और 20 मई को अपलोड किए गए वीडियो मिले, जिनमें वायरल वीडियो में दिख रहे लोग यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि वे लोग अलीगढ़ में मुसलमानों के घरों में जाकर उनको गाना बजाना और नाचने से मना करवाते हैं। लेकिन लोग इस वीडियो का गलत इस्तेमाल कर नफरत फैला रहे हैं।
पड़ताल में हमने पाया कि तब्लीगी शान नाम का यह संगठन मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों के घरों में जाकर किसी भी मौके पर डीजे बजाने, गाने-नाचने से मना करवाता है एवं उनके वीडियोज अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करता है। निम्न में इस प्रकार के वीडियो देखें।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो यूपी के अलीगढ़ का है। जहां डीजे बंद करने की अपील किसी हिंदू ने नहीं बल्कि, एक मुस्लिम परिवार से की गई थी। वायरल दावे को गलत सांप्रदायिक एंगल से शेयर किया जा रहा है।


