‘द हिंदू’ के नाम से इंदिरा गांधी की सोना खरीद रोकने वाली अखबार की फर्जी कटिंग वायरल, पड़ताल में पढ़े पूरा सच ।

False Political

अभी हाल ही में वैश्विक ऊर्जा संकट और रुपये में गिरावट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की गई है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। इस बीच सोशल मंचों पर द हिंदू के 6 जून 1967 के पहले पन्ने की एक कथित कटिंग वायरल हो रही है। 

दावा किया जा रहा है कि भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी 1967 में लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।

फैक्ट क्रेसेंडो के पाठकों ने इस पोस्ट को हमारे व्हाट्सऐप फैक्टलाइन नंबर (9049053770) पर भेजकर इसकी सच्चाई की जांच करने का अनुरोध किया। 

जांच में पता चला कि द हिंदू ने ऐसी कोई खबर अपने अखबार में प्रकाशित ही नहीं की थी। 

क्या है दावा?

वायरल पोस्ट में द हिंदू की एक कथित खबर दिखाई गई है। इस कथित कटिंग में इंदिरा गांधी की तस्वीर के साथ दावा किया गया है कि उन्होंने भारतीयों से “सोना ना खरीदने” की अपील की थी।

यूजर्स इस पोस्ट को शेयर करते हुए कॅप्शन में लिखते है कि…

“प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी 6 जून 1967 में भी अपील की थी की सोना मत खरीदिए | अब अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है सोना मत खरीदिए | इसमें उन्होंने कौन सा बुरा कर दिया”

फेसबुक | आर्काइव्ह

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत इस आधार पर की अगर सबसे पहले 1967 में ऐसा कोई बड़ा फैसला लिया गया होता, तो यह देश की प्रमुख खबर बनती। लेकिन किसी भी विश्वसनीय मीडिया, सरकारी रिकॉर्ड या अखबार के आर्काइव में ऐसी कोई खबर मौजूद नहीं है।

इसके अलावा, द हिंदू एक अंग्रेजी समाचार पत्र है, हिंदी अखबार नहीं। फिर हमने जांच के दौरान द हिंदू के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर) के साथ-साथ उसके आर्काइव को भी चेक किया । लेकिन ऐसी कोई खबर नहीं मिली।

पड़ताल के दौरान हमने यह पाया कि, द हिंदू ने 12 मई 2026 को सोशल मीडिया पर साफ तौर पर स्पष्ट पर किया कि वायरल हो रही पेपर कटिंग फर्जी है और इसे डिजिटल तरीके से एडिट किया गया है। अखबार की तरफ से पेश किये गए स्पष्टीकरण के अनुसार, ऐसी कोई खबर उनके रिकॉर्ड में नहीं है।

ट्विटर | आर्काइव

इसके बाद द हिंदू के जर्नलिस्ट बी. कोलाप्पन ने भी सोशल मीडिया पर वायरल कटिंग को फर्जी बताया और उस दिन के अखबार का असली फ्रंट पेज शेयर किया।

ट्विटर | आर्काइव

सोने पर प्रतिबंध का सच –

हालांकि, इंदिरा गांधी सरकार के समय सोने से जुड़े कुछ प्रतिबंध जरूर लगाए गए थे। तत्कालीन वित्त मंत्री मोरारजी देसाई ने 1968 में गोल्ड कंट्रोल एक्ट लागू किया था।

इस कानून के तहत लोगों के पास सोने की ईंटें और सिक्के खरीदने पर रोक लगाई गई थी। चीन युद्ध के बाद आर्थिक दबाव, सोने की बढ़ती मांग और तस्करी रोकने के लिए यह कानून लाया गया था। बाद में 1990 में इसे खत्म कर दिया गया।

वर्तमान स्थिति –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ईरान में चल रहे संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। इससे रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले कमजोर हुई है और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा है।

इसी वजह से उन्होंने लोगों से पैसे बचाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से कहा है कि वे एक साल तक सोना खरीदने से बचें, विदेश यात्रा टालें और जहां संभव हो, घर से काम करें।

इस अपील का मकसद देश का विदेशी मुद्रा भंडार बचाना और गैर-जरूरी आयात कम करना बताया जा रहा है। इसके बारे में और जानकारी आप यहां, यहां और यहां पढ़ सकते हैं।

निष्कर्ष

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि, द हिंदू की कथित वायरल कटिंग फर्जी है। इंदिरा गांधी ने 1967 में लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की हो, ऐसी कोई खबर अखबार ने प्रकाशित नहीं की थी। फर्जी दावे के साथ यह एडिटेड कटिंग वायरल की जा रही है।

Result Stamp

Title: ‘द हिंदू’ के नाम से इंदिरा गांधी की सोना खरीद रोकने वाली अखबार की फर्जी कटिंग वायरल, पड़ताल में पढ़े पूरा सच ।

Fact Check By: Sagar Rawate

Result: False

Leave a Reply