लखनऊ फार्मा कॉन्क्लेव में सीएम योगी का दिया गया पुराना भाषण, भारत तिवारी एनकाउंटर मामले से जोड़कर वायरल।   

Misleading Political

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सीएम योगी का वायरल बयान भ्रामक, फरवरी का पुराना वीडियो हो रहा है शेयर।  

बिहार के भोजपुर जिले में 17 जून 2026 को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर बवाल मचा हुआ है। इसी बीच इंटरनेट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें वह कहते हैं कि “पुलिस ने गोली क्यों मार दी? अगर पुलिस गोली ना मारे तो क्या पुलिस गोली खाए? यह दोनों काम एक साथ नहीं चल सकते। अगर उस अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है, तो पुलिस के पास भी हमने इसीलिए पिस्तौल दी है कि वह भी उसके सामने उसका मुकाबला करे। उसका प्रशिक्षण इसी बात को लेकर के हो रखा है और उसको जिस भाषा में समझे, उस भाषा में उसको समझाने का काम करें”। वीडियो शेयर करने वाले यूज़र्स का दावा है कि सीएम योगी ने भारत तिवारी के एनकाउंटर का कथित तौर पर पूरा समर्थन किया है। यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा है…

उत्तर प्रदेश के सीएम  माननीय आदित्यनाथ मुख्यमंत्री जी भरत तिवारी के सरेंडर करने के बाद भी  पुलिस  द्वारा एनकाउंटर किए जाने पर क्या बोल रहे हैं ,, सवाल सिर्फ भरत तिवारी का नहीं है, सवाल कानून और न्याय व्यवस्था पर जनता के भरोसे का है। यदि कोई चूक या साजिश हुई है तो सच सामने आना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने वायरल वीडियो से सम्बंधित कीवर्ड को आधार बनाकर खोज शुरू की। परिणाम में हमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यही वीडियो ईटी नाउ स्वदेश के यूट्यूब चैनल पर एक शॉर्ट वीडियो के रूप में मिला। यहां पर वीडियो को 4 फरवरी 2026 को अपलोड किया गया था। इससे स्पष्ट होता है कि यह भरत तिवारी एनकाउंटर से पहले का वीडियो है।

आजतक के यूट्यूब अकाउंट से 3 फरवरी 2026 को अपलोड की गई वीडियो रिपोर्ट में वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। पता चलता है कि सीएम योगी ने 3 फ़रवरी को लखनऊ में आयोजित फार्मा कॉन्क्लेव में अपराधियों के एनकाउंटर पर सवाल उठाने के जवाब में यह कहा था, “बहुत बार लोग टिप्पणी करते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी? अगर पुलिस गोली ना मारे तो क्या पुलिस गोली खाए? यह दोनों काम एक साथ नहीं चल सकते। अगर उस अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है, तो पुलिस के पास भी हमने इसीलिए पिस्तौल दी है कि वह भी उसके सामने उसका मुकाबला करे”।

आगे की खोज में हमें मुख्यमंत्री योगी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कार्यक्रम का लाइव वीडियो मिला। इसमें हम 1 घंटे 51 मिनट पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा देख सकते हैं। 

योगी अपने भाषण में उत्तर प्रदेश में पूर्व की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हैं। वे कहते हैं कि “2003 से लेकर के 2017 के बीच के उस दौर को देखा है। जब व्यापक कर्फ्यू में अपहरण होते थे, फिरौती वसूली करने के लिए और उन स्थितियों में जब आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने और हमारी पार्टी ने दायित्व मुझे उपलब्ध कराया था, तो हमें इस चुनौती का सामना भी करना था और हर एक नागरिक के मन में एक विश्वास भी पैदा करना था। स्वाभाविक रूप से यह हम पिक एंड चूज से नहीं कर सकते थे। हम लोगों ने तय किया जीरो टॉलरेंस। जीरो टॉलरेंस फिर सब पर बराबर लागू होगा। अगर अपना व्यक्ति भी गलत करेगा तो उसके लिए भी वही कानून लागू होगा, जो एक माफिया और अपराधी के लिए लागू होगा। कोई अपना पराया नहीं होगा”। 

वे आगे कहते हैं “हम लोगों ने इस मामले में जब कारवाई प्रारंभ की, प्रयास तो किया कि कानून के दायरे में रहके करें। लेकिन बहुत बार होता है। आप भी इस बात को समझते होंगे। अगर सामने वाला व्यक्ति कानून से भयभीत नहीं है तो फिर उसको कानून के दायरे में लाकर के कानून की भाषा समझाना तो फिर तात्कालिक परिस्थिति हो जाती है। बहुत बार लोग टिप्पणी करते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी? अगर पुलिस गोली ना मारे तो क्या पुलिस गोली खाए? यह दोनों काम एक साथ नहीं चल सकते। अगर उस अपराधी को गोली चलाने की स्वतंत्रता है तो पुलिस के पास भी हमने इसीलिए पिस्तौल दी है कि वह भी उसके सामने उसका मुकाबला करें। उसका प्रशिक्षण इसी बात को लेकर के हो रखा है और उसको जिस भाषा में समझे उस भाषा में उसको समझाने का काम करें”।

निष्कर्ष 

हमें मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सीएम योगी का वायरल हो रहा है यह वीडियो भरत तिवारी एनकाउंटर मामले से सम्बंधित नहीं है। यह फरवरी का वीडियो है जब वे लखनऊ में आयोजित फार्मा कॉन्क्लेव में यूपी की कानून व्यवस्था पर बात करते हुए पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र कर रहे थें। उसी समय के वीडियो को भरत तिवारी मामले से जोड़ा जा रहा है। 

Result Stamp

Title: लखनऊ फार्मा कॉन्क्लेव में सीएम योगी का दिया गया पुराना भाषण, भारत तिवारी एनकाउंटर मामले से जोड़कर वायरल।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: Misleading

Leave a Reply