बिहार के गया में थार दुर्घटना के दौरान का वीडियो CJP आंदोलन से जोड़कर वायरल।

False Social

सीजेपी प्रदर्शनकारी का विरोध प्रदर्शन के दौरान थार गाड़ी में आग लगाने का दावा फर्जी, वीडियो बिहार के गया का है। 

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद चलो प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को थार गाड़ी में आग लगाने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। जब वो शख्स ये हरकत करता है तभी पुलिस उसे रोकते हुए दिखाई देती है। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि, यह शख्स सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुआ एक प्रदर्शनकारी है जो थार गाड़ी में आग लगाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो को इस कैप्शन से फैलाया जा रहा है…

प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर थार गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की। इसके बाद जब पुलिस ने उसे काबू में करने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गई।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यही वीडियो न्यूज 18 के यूट्यूब अकाउंट पर 18 जुलाई 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, यह बिहार की घटना है।

फिर हमें purnea_central_news_ नाम के एक इंस्टा अकाउंट से 18 जुलाई 2026 को इस वीडियो का लंबा वर्जन पोस्ट किया हुआ मिला। पता चलता है कि घटना बिहार के गया की है।

आगे पड़ताल करने पर हमें वहां के लोकल मीडिया आउटलेट Gaya 24×7 के फेसबुक पेज से 16 जुलाई 2026 को इस घटना का दूसरा वीडियो पोस्ट किया हुआ मिला। बताया गया है कि, एक गाड़ी जिसपर भाजपा का स्टीकर लगा हुआ था ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थें। गाड़ी को एक युवती चला रही थी।

https://www.facebook.com/reel/895725026308588

इसी तरह से 16 जुलाई 2026 को लोकल फेसबुक पेज ‘गया दस्तक’ पर जारी एक वीडियो रिपोर्ट के मुताबिक, गया के सिविल लाइन थाना अंतर्गत जयप्रकाश धरना स्थल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। जब भाजपा स्टिकर लगी एक तेज रफ्तार गाड़ी ने ऑटो और बाइक को रौंद दिया, जिससे दो युवक जख्मी हो गए। हादसे के बाद उग्र हुई भीड़ ने गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की कोशिश की। मामले पर सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार ने कहा कि मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को संभाला।

https://www.facebook.com/reel/1893040368033335

आगे खोज करने पर हमें इस घटना की मीडिया रिपोर्ट्स मिली। 16 जुलाई 2026 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में वायरल वीडियो से संबंधित दृश्य दिखाई देते हैं।पता चलता है कि बिहार के गया में थार की टक्कर एक बाइक और ऑटो से हो गई थी, जिसमें करीब दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद बड़ी संख्या में गुस्साई भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की और कुछ लोगों ने थार में आग भी लगाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाल लिया था। वहीं इस रिपोर्ट में उस शख्स के बयान भी है जो वायरल वीडियो में नज़र आ रहा है।

इस संदर्भ में अमर उजाला की रिपोर्ट भी प्रकाशित है। जिसके अनुसार, बेकाबू थार ने कहर दिखाते हुए स्कूटी और टोटो को टक्कर मार दी थी। जिससे तीन लोग घायल हो गए थें, और गुस्साई भीड़ ने वाहन को तोड़ दिया था। इसके अलावा मनीकंट्रोल हिंदी और सीएनएन-न्यूज18 ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी वायरल वीडियो को शेयर किया है और बताया है कि घटना बिहार के गया की ही है। 

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। यह वीडियो दिल्ली में हुए सीजेपी के विरोध प्रदर्शन से संबंधित नहीं है। बल्कि यह बिहार के गया में थार दुर्घटना के दौरान का वीडियो है।

Result Stamp

Title: बिहार के गया में थार दुर्घटना के दौरान का वीडियो CJP आंदोलन से जोड़कर वायरल।

Written By: Priyanka Sinha

Result: False