
११ जून २०१९ को फेसबुक के ‘Azaad Bharat’ नामक एक पेज पर एक पोस्ट साझा किया गया है | पोस्ट में एक लिखित दावा किया गया है | दावे में लिखा गया है कि,
सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कश्मीर हिंदुओं की भूमि है,
उसमें पाकिस्तान और इस्लाम धर्म का कोई हक नहीं है
इस पोस्ट व्दारा किया गया दावा बिलकुल स्पष्ट है | लेकिन ऐसा कोई वक्तव्य प्रिंस सलमान द्वारा किया गया हो, ऐसी कोई खबर पढने में नहीं आयी है | तो आइये जानते है इस दावे की सच्चाई |
मूल पोस्ट यहाँ देखें – Azaad Bharat | ARCHIVE POST
संशोधन से पता चलता है कि…
जांच की शुरुआत हमने गूगल पर प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा किये गए इस कथित वक्तव्य को ढूंढने से की | लेकिन हमें कोई परिणाम नहीं मिले | तब हमने यू-ट्यूब पर ‘कश्मीर हिंदुओं की भूमि है’ इन की वर्ड्स के साथ ढूंढा तो हमें इस दावे के मिलते-जुलते कुछ परिणाम मिले | हमें १८ फरवरी २०१९ को ‘jat bulletin’ नामक यूजर द्वारा अपलोड किया गया एक विडियो मिला | इस विडियो में उपरोक्त पोस्ट में साझा दावे के समान वक्तव्य है | लेकिन यह वक्तव्य प्रिंस सलमान द्वारा नहीं, बल्कि ईरानी मूल के ऑस्ट्रेलियाई इमाम मोहम्मद ताहिदी द्वारा किया गया है |
यह पता चलने के बाद हमने इमाम मोहम्मद ताहिदी के नाम से उनका वक्तव्य गूगल पर ढूंढा, तो खुद इमाम मोहम्मद ताहिदी ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर १५ फरवरी २०१९ को साझा किया यही विडियो हमें मिला | यह ट्वीट आप नीचे देख सकते है |
इमाम मोहम्मद ताहिदी ६ फरवरी २०१९ को एक सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत करने भारत के दौरे पर आये थे | उनके ट्वीट से यह बात पता चलती है |
इसके कुछ ही दिनों बाद १९ फरवरी २०१९ को सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान भी एक दिवसीय भारत दौरे पर आये थे | ANI द्वारा दी गई इस खबर का विडियो आप नीचे देख सकते है |
इसके बाद हमें इमाम मोहम्मद ताहिदी द्वारा किया गया एक और ट्वीट मिला | उनके ध्यान में nayarharish नामक एक ट्वीटर यूजर द्वारा किया गया एक ट्वीट आया | इस ट्वीट में उस यूजर ने उनके विडियो के साथ लिखा था कि, यह सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान है | इसके जवाब में ताहिदी ने लिखा है कि, वह सऊदी अरब के प्रिंस नहीं है | आप यह ट्वीट नीचे देख सकते है |
यह दोनों ट्वीट और विडियो देखने के बाद यह बात साफ़ हो जाती है कि, इमाम मोहम्मद ताहिदी द्वारा किया गया वक्तव्य दरअसल सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के नाम से वायरल किया जा रहा है | यह दोनों शख्सियतें कुछ ही दिनों के अन्तराल से भारत में आने की वजह से लोगों को या तो उनको पहचानने में भ्रम हुआ होगा, या तो उनके करीब एक साथ हुये दौरे का फायदा उठाकर लोगों में भ्रम फ़ैलाने के उद्देश्य से उपरोक्त दावा वायरल किया गया होगा |
आप दोनों की तस्वीरों की तुलना नीचे देख सकते है |
अतः इस संशोधन से हम यह बात पुख्ता तौर पर कह सकते है कि, कश्मीर के सन्दर्भ में जिस बयान का दावा सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के नाम से वायरल किया जा रहा है, वह बयान असल में ऑस्ट्रेलियाई इमाम मोहम्मद ताहिदी द्वारा दिया गया है |
जांच का परिणाम : इस संशोधन से यह स्पष्ट होता है कि, उपरोक्त पोस्ट में किया गया दावा कि, “सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कश्मीर हिंदुओं की भूमि है, उसमें पाकिस्तान और इस्लाम धर्म का कोई हक नहीं है |” सरासर गलत है | यह बयान असल में ऑस्ट्रेलियाई इमाम मोहम्मद ताहिदी द्वारा दिया गया है |

Title:क्या सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कि, कश्मीर हिंदुओं की भूमि है ?
Fact Check By: Rajesh PillewarResult: False
