महिला के साथ पुलिसकर्मी की हाथापाई का वायरल वीडियो इज़राइल का नहीं है ,सैन डिएगो का है।

पश्चिम एशिया में चल रहे हालिया तनाव के बीच इंटरनेट पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जो काफी हैरान कर देने वाला है। वायरल वीडियो में एक महिला को जमीन पर गिराकर जबरन काबू में लेते हुए दिखाया गया है। देखा जा सकता है कि वर्दी पहने कुछ लोग उस महिला को पकड़कर नियंत्रित करते हैं। दावा किया जा रहा है कि इस महिला ने जब अपने बेटे की इजरायली सेना में जबरन भर्ती का विरोध किया तो इजरायल डिफेंस फोर्सस के अधिकारियों ने इस महिला के साथ बुरा बर्ताव करते हुए मारपीट की। वायरल वीडियो को फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
इस इस्राइली महिला का बेटा जंग में नहीं जाना चाहता था। उसने इस्राइली अधिकारियों का विरोध किया तो उसके साथ उसने इस तरह का व्यवहार किया।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से की-फ्रेम्स लेकर गूगल लेंस के जरिए रिवर्स सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला। जिसे 27 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन के अनुसार, वीडियो सैन डिएगो के लिंडा विस्टा स्केट पार्क का है जहां पर एक महिला कथित तौर पर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर रही थी। जब पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, तो वह आक्रामक हो गई। तभी पुलिस ने उसे जमीन पर गिराया और काबू में किया।
फिर हमें यहीं वीडियो 28 मार्च 2026 को मेक्सिकानो नाम के एक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें बताया गया है कि पुलिस ने लिंडा विस्टा स्केटबोर्ड पार्क में नाबालिगों के साथ अनुचित व्यवहार की रिपोर्ट के बाद एक महिला को रोका, तो उसने आदेशों की अवहेलना की और आक्रामक हो गई।
मिली जानकारी की मदद से आगे खोज करने पर हमें एकअमेरिकी वेबसाइट HYPEFRESH की तरफ से वीडियो से संबंधित रिपोर्ट मिली। जिसे 27 मार्च 2026 को प्रकाशित किया गया था। इसमें वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, “सैन डिएगो के लिंडा विस्टा स्केट पार्क का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे किसी राहगीर ने रिकॉर्ड किया था। इसमें सैन डिएगो का एक पुलिस अधिकारी एक महिला को जमीन पर गिराकर हथकड़ी पहनाते हुए दिख रहा है। अधिकारियों ने बताया कि लिंडा विस्टा रिक्रिएशन सेंटर में आने वाले लोगों को कथित तौर पर परेशान करने और एक पुलिस अधिकारी पर हमला करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। सैन डिएगो पुलिस विभाग के अनुसार, 21 मार्च को शाम लगभग 6 बजे अधिकारियों को रिक्रिएशन सेंटर बुलाया गया था। वहां मौजूद लोगों ने बताया था कि एक महिला वहां मौजूद लोगों के साथ आक्रामक तरीके से पेश आ रही थी।”

इस घटना की रिपोर्ट हमें Times of San Diego और fox5sandiego की वेबसाइट पर 27 मार्च 2026 को प्रकाशित मिली। पता चलता है कि सैन डिएगो के लिंडा विस्टा रिक्रिएशन सेंटर में कथित तौर पर आने-जाने वालों को परेशान करने और काबू किए जाने के दौरान एक पुलिस अधिकारी को काटने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के हवाले से बताया गया है कि जब स्केट पार्क के पास उस महिला से संपर्क किया गया, तो वह आक्रामक हो गई, इसके बाद उसने गिरफ्तारी का विरोध किया और जब उसे हथकड़ी पहनाने की कोशिश की गई, तो उसने एक अधिकारी को काट लिया।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो का इजरायल से कोई संबंध नहीं है यह अमेरिका के सैन डिएगो की घटना है। जब एक पार्क में लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने और एक पुलिस अधिकारी को दांत से काटने के आरोप में महिला को सैन डिएगो पुलिस ने गिरफ्तार किया था।


