
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है जिसमें एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भूख हड़ताल कर रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा हैं जिसमें एक मंच पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के पास प्रकाश राज और एक्टर रजनीकांत की तरह दिखने वाले एक शख्स बैठे दिखते हैं। वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अभिनेता रजनीकांत और प्रकाश राज सीजेपी के अनशन में जंतर मंतर पर पहुंचे।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- प्रकाश राज और साउथ सुपरस्टार रजनीकांत सर भी आये जंतर मंतर पर क्रॉकरोचो को हौसला देने।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो हमें एक इंस्टाग्राम यूजर ‘nationtruthtv’ के अकाउंट पर मिला। ये वीडियो11 जुलाई 2026 को पोस्ट किया गया था। इसके अनुसार ये सीजेपी के प्रदर्शन का वीडियो है। इसमें प्रकाश राज का जिक्र तो किया गया है, लेकिन रजनीकांत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट मिली। यहां पर सीजेपी के अनशन में पहुंचे इसाक और प्रकाश राज की तस्वीरें पोस्ट की गई हैं।
11 जुलाई 2026 को की गई इस पोस्ट के अनुसार, प्रकाश राज दिल्ली के जंतर मंतर पर CJP के प्रदर्शनकारियों के साथ हड़ताल में शामिल हुए। इसाक और त्रिपुरा विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर हो रहे आंदोलन का समर्थन किया।
अन्य मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रकाश राज और सीपीआई(एम) पार्टी के नेता थॉमस आइज़ैक, 11 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचे और उन्होंने वहां सोनम वांगचुक से मुलाकात की। प्रकाश ने लोगों को संबोधित करते हुए इस आंदोलन के प्रति सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाए। वहीं, थॉमस आइज़ैक ने भी आंदोलन कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाया था। दोनों का पूरा भाषण ‘द ट्रिब्यून’ की इस रिपोर्ट में सुना जा सकता है। इस रिपोर्ट में साफ तौर पर थॉमस आइज़ैक का परिचय दिया गया है।
आगे और पड़ताल करने पर हमने पाया कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के एक्स हैंडल से भी 11 जुलाई 2026 को उस दिन के अनशन की तस्वीरें पोस्ट करते हुए प्रकाश राज और थॉमस इसाक को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया है।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , केरल के नेता थॉमस आइजैक के वीडियो को शेयर करते हुए यह भ्रामक दावा किया जा रहा है कि एक्टर रजनीकांत कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में पहुंचे थें।


