
ओमान की खाड़ी में 10 जून को अमेरिकी नौसेना के हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पानी वाले जहाज पर अचेत अवस्था में लेटा दिखाई देता है, जिसके हाथ और पैर बेल्ट से बंधे हुए हैं। वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अमेरिका ने ओमान में मरे एक भारतीय नागरिक के शव को इस तरह बांधकर भारत भेज दिया।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- अमेरिका ने बांध कर भेज दिया अब तो मुँह खोलो मोदी जी
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें bipul_raja_vlogs नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। पोस्ट में इसे एक मॉक ड्रिल बताया गया है।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें दीपक कुमार चंद्रवंशी नाम के इंस्टाग्राम यूजर के 5 अप्रैल की पोस्ट में इससे मेल खाते हुए वीडियो मिले। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है।

यहां वीडियो एक फायर ड्रिल के दौरान का बताया गया है। इसमें एक आदमी शिप पर लेटा हुआ है, उसके अगल-बगल कुछ लोग खड़े नजर आते हैं, और एक शख्स इन्हें निर्देश देता हुआ दिखाई दे रहा है।
हमने पाया कि वीडियो वायरल होने के बाद bipul_raja_vlogs को चलाने वाले दीपक कुमार चंद्रवंशी ने कई पोस्ट के जरिए इस दावे का खंडन किया है। 17 जून की एक पोस्ट में उन्होंने वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले शख्स का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि स्ट्रेचर ड्रिल के वीडियो का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं एक अन्य पोस्ट में दीपक ने उस शख्स के साथ एक और वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह खाना खाते हुए नजर आ रहा है।
इस वीडियो में भी उन्होंने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि ड्रिल में शामिल यह शख्स पूरी तरह सुरक्षित और जीवित है।
इस प्रोफाइल में दिए गए यूट्यूब चैनल ‘Sunnybabu’ के लिंक को भी हमने चेक किया। इस पर 21 जनवरी 2026 को एक मॉक ड्रिल का वीडियो अपलोड किया गया था। निम्न में वीडियो देखें।
ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए अमेरिकी हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत-
10 जून को ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए अमेरिकी हमले में जिन 3 भारतीय नाविकों की मौत हुई, उनमें हिमाचल प्रदेश के 23 वर्षीय आदित्य शर्मा भी थे। आदित्य हमीरपुर जिले के भालू गांव के रहने वाले थे, वो कुछ समय पहले ही मर्चेंट नेवी में शामिल हुए थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। परिवार को उनसे उम्मीदें थी कि वह आगे चलकर घर का सहारा बनेंगे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। आदित्य शर्मा की अंतिम विदाई के दौरान पूरा गांव गमगीन नजर आया। लोगों ने भारी मन और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , अमेरिकी हमले में ओमान में मारे गए एक भारतीय नागरिक के शव को बांधकर भारत भेजने के दावे से वायरल वीडियो गलत है। यह एक मॉक ड्रिल का वीडियो है। इसे शेयर करने वाले क्रिएटर ने भी सोशल मीडिया पर इस दावे का खंडन करते हुए इसे फेक बताया है।


