
सोशल मीडिया पर अतिक्रमण हटाने का 30 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक जगह पर टूटी हुई कई इमारतों के दृश्य मौजूद हैं। वीडियो में ऑडियो भी, जिसमें कहा जा रहा है कि “दीदी ने सही कहा था कि बीजेपी बंगाल में आ जाएगी तो सब ख़त्म कर देगी। वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार में हुए अवैध अतिक्रमण को शुभेंदु सरकार हटा रही है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- पश्चिम बंगाल की ममता सरकार के 15 वर्षों के कार्यकाल में जितने भी सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण थे, सुवेंदु सरकार आते ही स्वाहा हो रहे हैं। अब पश्चिम बंगाल अवैध अतिक्रमण मुक्त एवं सुगम यातायात बनाने की दिशा में चल पड़ा है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो से मेल खाता हुआ वीडियो हमें एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। 12 मई को अपलोड वीडियो के अनुसार, यह अगराबाद इलाके में शेख मुजीब रोड पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का है।
वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने पर हमें एक जगह बोर्ड पर चिट्टागोंग लिखा हुआ दिखाई दिया, जो बांग्लादेश का एक प्रमुख शहर है। साथ ही जब हमने उस बोर्ड का रिवर्स इमेज सर्च किया। तो हमने पाया कि यह कैडेट कॉलेज क्लब चिट्टागोंग (चट्टोग्राम) का बोर्ड का है।

पड़ताल में हमने ये जगह गूगल मैप्स पर सर्च किया। Chattogram में ये जगह शेख मुजीब रोड के पास है।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो और गूगल पर मिली जगह का विश्लेषण किया। जिससे ये साफ है कि वीडियो बांग्लादेश का ही है।

आगे और सर्च करने पर हमें बांग्लादेश के कई लोकल आउटलेट्स पर इस जगह हुई बुलडोजर कार्रवाई के वीडियो मिले। Agrajatra Pratidin नाम के 12 मई के फेसबुक पोस्ट के मुताबिक CDA ( चट्टोग्राम डेवलपमेंट अथॉरिटी ) ने शेख मुजीब रोड के पास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था। इस वीडियो में Cadet College Club की वो बिल्डिंग भी नजर आती है, जो वायरल वीडियो में देखी जा सकती है।
बांग्लादेशी फेसबुक अकाउंट से भी 12 मई को हुई इस कार्रवाई के वीडियोज अपलोड किए हुए मिले हैं, जिनमें उस स्थान और टूटी बिल्डिंग को देखा जा सकता है, जो वायरल वीडियो में दिखाई दे रही है।
bdnews24.com की रिपोर्ट के मुताबिक एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का रैम्प बनाने के लिए इन दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करके इन्हें हटाया गया था। ये दुकानें सालों से सरकारी जमीन पर लीज पर चल रही थीं। कई दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान तोड़ने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही इसके बदले कोई मुआवजा दिया गया।

निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, ममता सरकार में हुए अवैध अतिक्रमण को शुभेंदु सरकार द्वारा हटाने के दावे से वायरल यह वीडियो असल में बांग्लादेश के चट्टोग्राम में अतिक्रमण हटाने का है।


