खान सर की हिरासत का पुराना वीडियो खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से संबंधित नहीं।

Missing Context Social

दिसंबर 2024 में बीपीएससी प्रदर्शन के दौरान पुलिस की हिरासत में खान सर का पुराना वीडियो गलत संदर्भ में वायरल।

चर्चित यूट्यूबर और शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर के पटना स्थित कोचिंग संस्थान में हुई गोलीबारी के बाद उन पर कानूनी शिकंजा कस गया है। पुलिस ने जहां उनके दो गार्डों को गिरफ्तार किया है। तो वहीं खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस बल खान सर को हिरासत में लेकर जाते हुए दिख रहा है। इस वीडियो को हालिया फायरिंग कांड से जोड़कर साझा किया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है कि…

बिहार को अपनी जागीर समझने वाला बिहार के युवाओं को भड़काकर सरकार को ब्लैकमेल करने वाला खान सर उर्फ़ फैसल खान गिरफ्तारसिंपैथी वाला कार्ड फेल हो गया अभी तो पार्टी शुरू हुई है

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उनको गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें Viral Khan Sir  नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो से मेल खाता हुआ वीडियो मिला। यहां पर 6 दिसंबर 2024 को वीडियो पोस्ट करते हुए बताया गया था कि यह BPSC की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन के विरोध के दौरान का है। जिसमें प्रदर्शन में शामिल होने के कारण खान सर को पटना के गर्दनीबाग थाने में ले जाया गया था।

फिर हमें इस मामले में आजतक की वेबसाइट पर 7 दिसंबर 2024 की एक रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, बिहार में दिसंबर 2024 में बीपीएससी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान खान सर को हिरासत में लिया गया था जब बीपीएससी की परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन हो रहा था। हालांकि एक घंटे बाद खान सर समेत कुछ अन्य लोगों को छोड़ दिया गया था।

आगे हमें इससे संबंधित दैनिक भास्कर कि रिपोर्ट मिली, जिसमें बताया गया है कि BPSC की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन के मुद्दे को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। इसमें खान सर भी शामिल हुए थे। जिसकी वजह से पुलिस ने उन्हे हिरासत में लिया। बाद में उन्हे तुरंत छोड़ भी दिया गया था।

पड़ताल में आगे बढ़ते हुए हमें टाइम्स नाउ की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को शेयर किया गया है। 6 दिसंबर 2024 को छपी रिपोर्ट से पता चलता है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन के मुद्दे पर उठे विरोध प्रदर्शन के दौरान पटना के जाने माने शिक्षक खान सर को हिरासत में ले लिया गया था। 

साथ ही 6 दिसंबर 2024 की न्यूज़ 18 बिहार झारखंड चैनल के यूट्यूब पर अपलोड वीडियो रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो दिखाई देते हैं। पता चलता है कि BPSC के मामले को लेकर पटना में खान सर को हिरासत में लिया गया था।

कोचिंग फायरिंग मामला

15 जून 2026 को छपी आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, फायरिंग प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। एक ओर पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े तीन लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है, वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिल गई है। मामले की जांच अब भी जारी है। इससे पहले 9 जून को पटना सिविल कोर्ट ने फैजल खान को अग्रिम जमानत दे दी, जिससे उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई थी। 

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो दिसंबर 2024 का है जब बीपीएससी प्रदर्शन के दौरान खान सर को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया था। इसका खान ग्लोबल स्टडीज विवाद के हालिया मामले से कोई संबंध नहीं है।

Result Stamp

Title: खान सर की हिरासत का पुराना वीडियो खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से संबंधित नहीं।

Written By: Priyanka Sinha

Result: Missing Context