त्रिपुरा बॉर्डर पर बांग्लादेशी घुसपैठ की कोशिश का बताकर वायरल किया जा रहा वीडियो, पिछले साल कश्मीर में मारे गए आतंकी का है।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप खूब वायरल हो रहा है, जिसमें जमीन पर एक शख्स के शव को पड़ा हुआ दिखाया गया है। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह शव एक बांग्लादेशी नागरिक के है जो त्रिपुरा बॉर्डर पर अवैध तरीके से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। जिसे सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने मार गिराया। पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया है…
आज बीएसएफ ने त्रिपुरा बॉर्डर पर घुसपैठ कर रहे एक कंग्लादेश के कंगलू को पीतल भरकर लुढ़का दिया…जय हिंद
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें 2 अगस्त 2025 को दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाला दृश्य मिला। रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के अखल जंगल में सुरक्षाबलों ने 2 अगस्त 2025 को दो आतंकवादियों को मार गिराया था, जिसमें दोनों के शव भी बरामद हुए थे। वीडियो में दिख रहे आतंकी की पहचान पुलवामा के हारिस नजीर डार के रूप में की गई थी। हारिस उन 14 लोकल आतंकियों की लिस्ट में था, जिनके नाम खुफिया एजेंसियों ने पहलगाम हमले के बाद 26 अप्रैल को जारी किए थे। उसके पास से AK-47 राइफल, मैगजीन, ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किया गया था।

2 अगस्त 2025 को प्रकाशित इंडिया टुडे की वेबसाइट पर रिपोर्ट में मारे गए आतंकी हारिस की अलग एंगल से ली गई तस्वीर को शेयर किया गया है। वहीं रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षाबलों ने अखल जंगल इलाके में तीन आतंकियों को मार गिराया था।
फिर हमें कश्मीर के एक स्थानीय मीडिया पोर्टल के फेसबुक अकाउंट से भी 2 अगस्त को किये गए पोस्ट में अलग एंगल से ली गई आतंकी हारिस के लाश की तस्वीर शेयर की हुई मिली। पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा था, “पुलवामा के राजपोरा के रहने वाले हारिस नज़ीर डार को कुलगाम के अखल में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। घटनास्थल से AK-47 राइफल, मैगज़ीन और ग्रेनेड समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।”
टाइम्स नाउ के यूट्यूब चैनल पर मौजूद एक रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो को देखा जा सकता है, जिसे 2 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। रिपोर्ट में यहीं बताया गया है कि कुलगाम में आतंकी हारिस नजीर डार मारा गया था।
इस बारे में हम न्यूज 18 उर्दू के यूट्यूब अकाउंट से 2 अगस्त 2025 को लाइव की गई वीडियो रिपोर्ट भी देख सकते है। जिसके अनुसार, कुलगाम के अखल देवसार के इलाके में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने पुलवामा के रहने वाले एक आतंकी हारिस नजीर डार को मार गिराया था।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो बीएसएफ की त्रिपुरा बॉर्डर पर घुसपैठ रोकने की कार्रवाई में मारे गए बांग्लादेशी का नहीं है, बल्कि पिछले साल कश्मीर में मारे गए आतंकी का वीडियो है। इसलिए पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है।


