
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आगरा घूमने आये ऑस्ट्रेलियाई नागरिक एंडरसन का पासपोर्ट और अन्य सामान चोरी हो गया, जिसके चलते उसे ईंट भट्ठे पर मजदूरी करना पड़ रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि पासपोर्ट चोरी होने के कारण आगरा में ऑस्ट्रेलियाई नागरिक एंडरसन को मजदूरी करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- अतिथि देवो भव के देश से आई इस तस्वीर ने सबको शर्मसार कर दिया है! 🚨💔 आगरा (उत्तर प्रदेश): ऑस्ट्रेलिया से भारत की संस्कृति और खूबसूरती को निहारने आए ‘एंडर्सन’ नाम के एक विदेशी पर्यटक के साथ आगरा में एक बेहद दुखद और शर्मनाक वाकया पेश आया है। आगरा घूमने के दौरान चोरों ने एंडर्सन का पासपोर्ट, सारे पैसे और उनका पूरा सामान पार कर दिया। विदेशी धरती पर सब कुछ खो जाने के बाद एंडर्सन पूरी तरह लाचार हो गए। हालत यह हो गई है कि अब उन्हें दो वक्त की रोटी और अपना पेट भरने के लिए एक ईंट के भट्टे पर कड़ा शारीरिक श्रम और मजदूरी करनी पड़ रही है। जिस सैलानी का स्वागत पलकों पर होना चाहिए था, वह आज दाने-दाने को मोहताज है। हम सभी देशवासियों से अपील करते हैं कि इस वीडियो को इतना शेयर करें कि यह प्रशासन तक पहुंचे। साथ ही, जिसने भी इनका सामान चुराया है, कृपया इंसानियत के नाते इनका पासपोर्ट और सामान लौटा दें ताकि यह मासूम विदेशी नागरिक अपने वतन सुरक्षित वापस लौट सके। .
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो हमें साहिल देशवाल नामक इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर मिला, जिसे 16 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया था।
अधिक सर्च करने पर हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘sahildeshwal7500’ के अकाउंट पर पोस्ट किया गया एक वीडियो मिला। इसे 25 जून 2026 को अपलोड किया गया था। इसमें इनसेट में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है।
वीडियो में दी गई जानकारी के अनुसार, एंडरसन के दावे से जिस युवक की कहानी वायरल हो रही है, वह यूपी के बागपत जिले के काठा गांव का है और उसका नाम ‘साहिल देशवाल’ है।
वीडियो में साहिल कह रहा है कि यह सब फेक है और मुंशी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। साहिल ईंट-भट्ठे पर काम करता है।
पड़ताल के दौरान हमें नालंदा दस्तक नामक फेसबुक पेज पर भी साहिल का एक वीडियो मिला, जिसमें वह ईंट भट्ठे पर रिपोर्टर से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह बात करते हुए खुद को भारतीय नागरिक बताते हैं और कहते हैं कि वह एक गरीब परिवार से आते हैं इसलिए उन्हें भट्ठे पर मजदूरी करनी पड़ती है।
वायरल वीडियो में दिख रहे सख्स साहिल देशवाल का इंस्टाग्राम अकाउंट जांच किया। जिसमें वो बतातें है कि वो बागपत में रहने वाले हैं, उनके मुंशी ने ईंट भट्ठे पर काम करते हुए उसका वीडियो बनाया और एंडरसन के नाम से वायरल कर दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस कहानी को सच मानकर उसका पासपोर्ट व सामान लौटाने की अपील की।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , वायरल वीडियो में मौजूद व्यक्ति का नाम साहिल है और वह यूपी के बागपत के रहने वाले हैं। आगरा में पासपोर्ट चोरी होने से ऑस्ट्रेलियाई नागरिक एंडरसन के मजदूरी करने का दावा फर्जी है।


