फिलीपींस भूकंप का नहीं है दो इमारतों को जोड़ने वाले ब्रिज के टूटने का यह वीडियो, बैंकॉक का है।

अभी हाल ही में 8 जून 2026 को फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसने बड़े स्तर पर तबाही मचाई। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में दो बिल्डिंग्स को हिलते और इनके कुछ हिस्से को टूटते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो फिलीपींस में आए उसी भूकंप का है।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा है…
फिलीपींस में आए 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाने की खबरें सामने आई हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में 30+ लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, लेकिन कुछ वीडियो की लोकेशन और समय को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। इसलिए किसी भी वायरल दावे को अंतिम सच मानने से पहले स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार करना जरूरी है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा और जल्द राहत कार्यों की कामना
अनुसंधान से पता चलता है कि….
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से फ्रेम लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो CGTN के 30 मार्च, 2025 के फेसबुक पोस्ट में मिला। इसके साथ लिखे कैप्शन के मुताबिक यह घटना थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक की है, जब एक जबरदस्त भूकंप के कारण दो अपार्टमेंट बिल्डिंग को जोड़ने वाला एक स्काईब्रिज टूट गया था।
आगे हमें इससे जुड़ी वीडियो रिपोर्ट abcnewsaustralia के यूट्यूब चैनल पर शेयर किया हुआ मिला, जिसे 29 मार्च 2025 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ लिखे विवरण में बताया गया था कि म्यांमार में आए ज़बरदस्त भूकंप के झटकों से थाईलैंड समेत पड़ोसी देश भी हिल गए, जिससे बैंकॉक में एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग को जोड़ने वाला पुल टूटकर गिर गया था। 7.7 तीव्रता वाले इस भूकंप से थाईलैंड की राजधानी में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा, जिसमें भूकंप के झटकों से शहर भर की रिहायशी इमारतें हिलने लगीं और एक दूसरी इमारत की छत पर बना पूल छलककर सड़कों पर बहने लगा।
31 मार्च 2025 को प्रकाशित बैंकाक पोस्ट की रिपोर्ट में वायरल वीडियो से एक तस्वीर को शेयर किया गया है। कैप्शन में लिखा गया था थाईलैंड के बैंकॉक में तेज़ भूकंप के बाद दो ऊंची इमारतों को जोड़ने वाला एक पुल क्षतिग्रस्त देखा गया। साथ ही इस भूकंप के बाद बैंकॉक को आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया गया था। बैंकॉक के तत्कालीन गवर्नर ने बताया था कि उन्हें भूकंप से हुए नुकसान की करीब 2,000 रिपोर्ट मिली थीं।
और पड़ताल करने पर हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट सीएनएन की वेबसाइट पर भी मिली,जिसे 29 मार्च 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, बैंकॉक में आए भयंकर भूकंप की वजह से बिल्डिंग्स का स्काईब्रिज टूट गया था जो दो बिल्डिंग्स को आपस में जोड़ता था।
हमें इस घटना से जुड़ी रिपोर्ट यहां, यहां और यहां पर भी मिली है, जिससे पता चलता है कि वायरल वीडियो थाईलैंड के बैंकॉक में आए भूकंप का ही है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो फिलीपींस में आए हालिया भूकंप का नहीं, बल्कि बैंकॉक के पुराने भूकंप का है।


