वायरल वीडियो में पीएम मोदी की आवाज AI जनरेटेड है, पूरी तरह भ्रामक है 30 जून से नोट बंदी की खबर।

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर देशभर में 30 जून से कागज के नोट बंद होने व उनकी जगह बाजार में प्लास्टिक के नए नोट जारी करने का ऐलान कर रहे हैं। यूज़र्स इस पोस्ट को सच मानते हुए वीडियो शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि मार्केट अब 30 जून से प्लास्टिक के नए नोट जारी होंगे।
वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है….
भाइयों और बहनों, 3 जून से खेल बदलने वाला है! कागज़ के नोट अब बाय–बाय बोलने वाले हैं और मार्केट में आने वाले हैं प्लास्टिक के नए नोट! वैसे मेरी बातों को कोई दिल पर मत लेना भाई, बस अपना–अपना पैसा बचाओ और तिजोरी में लॉक करके रखो… नहीं तो बाद में मुझे मत पकड़ना कि पहले बताया नहीं! आपके पास कितने कागज़ वाले नोट बचे हैं, कमेंट में बताओ?
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में गूगल पर सम्बंधित कीवर्ड्स की मदद से खोज किया। यह पता लगाया कि क्या वाकई में 30 जून से देश में कागज के नोट बंद हो रहे है और उनकी जगह नए प्लास्टिक नोट जारी हो रहे हैं। लकिन हम ऐसे किसी भी रिपोर्ट या सूचना तक नहीं पहुंचे जो वायरल दावे की पुष्टि करें। हां हमें एनडीटीवी की एक रिपोर्ट मिली,जिसे 6 जून को प्रकाशित किया गया था। इसमें आरबीआई गवर्नर के हवाले से बताया गया था कि पॉलिमर के नोटों को लेकर फिलहाल विचार किया जा रहा है और यह अभी अपने बेहद प्रारंभिक चरण में है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि पॉलिमर नोटों पर इसके फायदे और नुकसान का विश्लेषण किया जा रहा है।
हमें इस बारे में एनडीटीवी प्रॉफिट और सीएनबीसी टीवी 18 के यूट्यूब चैनल पर 5 जून को अपलोड किया गया आरबीआई की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो मिला। वीडियो में आरबीआई गवर्नर साफ तौर पर यही कहते हैं कि पॉलिमर के नए नोटों को जारी करने का प्रस्ताव अभी केवल शुरुआती स्टेज में है। पर इस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहीं भी मौजूदा कागजी करेंसी को 30 जून या किसी भी अन्य तारीख से बंद करने की घोषणा नहीं की।
अब हमने वायरल वीडियो के संदर्भ में पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट्स को चेक किया। लेकिन हमें 30 जून से कागज़ के नोट बंद होने से संबंधित कोई पोस्ट नहीं मिली। आरबीआई की वेबसाइट को चेक करने पर भी हम ऐसे किसी भी नोटिफिकेशन तक नहीं पहुंचे जो 30 जून से कागज़ के नोट बंद होने से जुड़ा हो।
https://twitter.com/narendramodi?lang=en
आगे और पड़ताल करने पर हमें भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक यूनिट PIB Fact Check के एक्स हैंडल से 9 जून 2026 को किया गया एक पोस्ट मिला, जिसमें वायरल दावे को फर्जी करार देते हुए स्पष्ट किया गया है कि, “कागजी मुद्रा नोटों को वापस लेने या उन्हें 30 जून, 2026 तक प्लास्टिक मुद्रा नोटों से बदलने की कोई योजना नहीं है।”
अब अंत में हमने वायरल वीडियो में पीएम मोदी के कथित ऑडियो को भी चेक किया, जिसमें उनकी तरफ से 30 जून से देश में कागज़ के नोट बंद होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो की प्रामाणिकता को जांचने के लिए हमने एआई वॉइस डिटेक्शन टूल्स Hiya पर स्कैन किया। हमें प्रमाण मिला कि पीएम मोदी का वायरल ऑडियो डीपफेक है।

निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। पीएम मोदी ने 30 जून से देश में कागज के नोट बंद का कोई ऐलान नहीं किया और न ही आरबीआई द्वारा ऐसे किसी भी नोटिफिकेशन को जारी किया गया है। वायरल वीडियो में पीएम मोदी की आवाज भी AI की मदद से बनाई गई है। इसलिए वायरल पोस्ट फेक है।


