
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद राज्य में हिंसा के कई मामले सामने आए हैं। इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें एक दुकान में लगी आग को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि यह बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा का हैं।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- समूचा बंगाल हिंसा के चपेट में है, बंगाल में अमृतकाल शुरू हो गया है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो हमें ‘Tania Dam’ नाम की एक Facebook प्रोफ़ाइल पर मिला। यहां पर वीडियो को 4 मार्च को पोस्ट किया गया था। इससे ये साफ है कि वीडियो चुनाव के बाद हुई हिंसा का नहीं है। पोस्ट के कैप्शन में बताया गया है कि यह मध्यमग्राम स्टेशन के पास लगी एक भयानक आग का दृश्य है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए आगे जांच करने पर 4 मार्च 2026 को एबीपी आनंदा के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली।
उस वीडियो रिपोर्ट का 2 मिनट 54 सेकंड का फ्रेम (अलग कैमरा एंगल से लिया गया) वायरल वीडियो के लोकेशन से बिल्कुल मैच करता है। जिससे यह साफ है कि वायरल इमेज मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन से सटे इलाके में आग लगने की घटना की है।
खबर के अनुसार 4 मार्च 2026 को आनंदबाजार ऑनलाइन पर नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन के पास कुकिंग गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

हमने वायरल वीडियो और हमें मिली वीडियो का विश्लेषण किया। जिससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है और वीडियो परगना के मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन के पास कुकिंग गैस सिलेंडर फटने से हुई घटना का है।

आनंदबाजार’ की वेबसाइट पर 4 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन के पास भीषण आग में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। आग उत्तरी 24 परगना के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक के पास लगी थी। घटना एक दुकान में गैस सिलिंडर में हुए धमाके के कारण हुई थी।

बंगाल में चुनाव के नतीजों के बाद हिंसक घटना-
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा को बहुमत मिल गया है। इसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आई थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल में चुनाव के नतीजों के बाद हिंसक घटनाओं का सिलसिला जारी है। टीएमसी ने भाजपा समर्थकों पर दुकानों में तोड़फोड़ और अपने दफ्तरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। उत्तर 24 परगना जिले के नैजाट में भी बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान घायल हो गए। इससे पहले आसनसोल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी के दो कार्यालयों में आग लगाने का भी आरोप लगा था।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में मार्च 2026 में सिलिंडर में धमाके से आग लग गई थी। उस घटना के वीडियो को अब बंगाल चुनाव के बाद हिंसा का बताकर वायरल किया जा रहा है।


