फरसा वाले बाबा की हत्या के बाद पुलिस पर पथराव का दो महीने पुराना वीडियो, सीजेपी से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ वायरल।

False Social

कॉकरोच जनता पार्टी कैंपेन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है असंबंधित वीडियो। दो महीने पुरानी घटना का है वीडियो।

हाल में ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के दिए एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुए कॉकरोच जनता पार्टी कैंपेन से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को सड़क पर उतरकर वीआईपी वाहनों पर पथराव करते हुए दिखाया गया है। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोग अब सड़कों पर उतरकर वीआईपी वाहनों पर पथराव कर रहे हैं। 

पोस्ट में कैप्शन लिखा गया है…

Cockroach सड़कों पर उतर चुके हैंअब कोई VIP नहीं, अब सब बराबर हैं

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम लेकर उसे रिवर्स इमेज सर्च किया। पड़ताल में हमें यही वीडियो एक इंस्टाग्राम चैनल पर मिला, जिसे  22 मार्च 2026 को प्रकाशित किया गया था। इसके साथ कैप्शन में लिखा गया था,”मथुरा में उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया।” 

इसी वीडियो को एक और इंस्टाग्राम यूज़र द्वारा 22 मार्च 2026 को शेयर करते हुए बताया गया है कि, यह मथुरा पुलिस पर गुंडों की पत्थरबाज़ी की घटना है।

और पड़ताल करने पर हमें एनडीटीवी इंडिया के एक्स अकाउंट से 21 मार्च 2026 को पोस्ट किया गया वीडियो मिला, जिसमें वायरल क्लिप को देख सकते हैं।  पोस्ट में लिखे कैप्शन के अनुसार, मथुरा में गोतस्करों ने गोरक्षक फरसा वाले बाबा की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी जिसके बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। 

खोज में हमें प्राप्त हुई अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, मथुरा के कोसीकलां में 21 मार्च को फरसा वाले बाबा उर्फ चंद्रशेखर की मौत के बाद दिल्ली-आगरा नेशनल हाइवे पर जमकर हंगामा हुआ था और पुलिस पर पथराव किया गया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। 

उक्त घटना पर 21 मार्च 2026 को अपलोड किए गए एबीपी की वीडियो रिपोर्ट में पुलिस के बयान को देख सकते हैं। इसमें मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने चंद्रशेखर की मौत को हादसा बताया और गोतस्करी के एंगल से इनकार किया। उनका कहना था कि चंद्रशेखर गोवंश के शक पर एक गाड़ी चेक कर रहे थे इस पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिस पर राजस्थान की नंबर प्लेट थी। हादसे में उनकी जान चली गई थी। 

इस संबंध में हमें ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा और उपद्रव मचाया था। उनकी मौत को लेकर यह अफवाह फैलाई गई थी कि गौ रक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा को सूचना मिली थी कि ट्रक में गोवंश जा रहा है। जब बाबा ने ट्रक को रात के अंधेरे में रुकवाने का प्रयास किया गया तभी ट्रक के पीछे से एक अन्य ट्रक भी आ रहा था। उसने चंद्रशेखर को टक्कर मार दी और इलाज के दौरान चंद्रशेखर बाबा की मौत हो गई।हालांकि पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि ट्रक में कोई भी गोवंश नहीं था।

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी का अनाउंसमेंट मई 2026 में हुआ और उक्त घटना मार्च 2026 की है। ऐसे में स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो का सीजेपी के किसी भी हालिया संदर्भ से कोई मतलब नहीं है। 

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह घटना मार्च 2026 की है, जब फरसा वाले बाबा की हत्या के बाद पुलिस पर पथराव हुआ था। उसी समय के वीडियो को सीजेपी के हालिया संदर्भ से जोड़ा जा रहा है।

Result Stamp

Title: फरसा वाले बाबा की हत्या के बाद पुलिस पर पथराव का दो महीने पुराना वीडियो, सीजेपी से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ वायरल।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply