नेपाल की मस्जिद में लाठीचार्ज का बताकर शेयर किया जा रहा वायरल यह वीडियो असल में कर्नाटक का पुराना क्लिप है।  

False International

नेपाल में नमाजियों पर पुलिसिया कार्रवाई का फर्जी दावा वायरल, वीडियो कर्नाटक के बेलगावी का है।

26 जुलाई 2026 को नेपाल के देवानगंज स्थित कप्तानगंज कस्बे में कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर दो पक्षों में तनाव हो गया था। इसके बाद वहां अचानक सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी। जिससे जोड़ते हुए इंटरनेट पर वायरल एक वीडियो में मस्जिद से बाहर निकल रहे कुछ लोगों पर पुलिस द्वारा डंडे चलाते हुए दिखाया गया है। देखा जा सकता है कि पुलिस द्वारा जब यह कार्रवाई होती है तो वहां मौजूद लोग हड़बड़ाहट में भागते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह घटना नेपाल की है जहां पुलिस की मनाही के बावजूद एक मस्जिद में जबरदस्ती नमाज़ अदा किए जाने पर पुलिस ने इनकी पिटाई कर दी। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…

पुलिस के मना करने के बावजूद भी मुसलमान ने मस्जिद में जबरदस्ती घुसकर नमाज पढ़ने की कोशिश की फिर पुलिस ने कुछ अलग ही बर्ताव दिखाए आप लोग पूरा वीडियो दिखाओ वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि सभी लोग देख सके भारत

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट

अनुसंधान से पता चलता है कि… 

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के फ्रेम्स को गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमें एएनआई के एक्स हैंडल से 26 मार्च 2020 को वायरल क्लिप का लंबा वर्जन पोस्ट किया हुआ मिला। पता चलता है कि वीडियो कर्नाटक के बेलगाम का है जब कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लगे लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने लोगों की पिटाई की थी। यह घटना एक मस्जिद के बाहर हुई, जब लोग नमाज पढ़ कर बाहर निकल रहे थे।

साथ ही हिन्दुस्तान टाइम्स के यूट्यूब चैनल पर भी 26 मार्च 2020 को इस घटना से संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड किया हुआ देखा जा सकता है।

पड़ताल में हमें मिली 26 मार्च 2020 को जनसत्ता की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, घटना कर्नाटक के बेलगावी की है, जहां देशभर में कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान कुछ लोग मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे थे। तभी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए लोगों को वहां से हटाया।

हमने पाया कि लाइव हिन्दुस्तान की 26 मार्च 2020 की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक के बेलगावी में लॉकडाउन के नियमों को तोड़कर मस्जिद में नमाज पढ़ने पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया था। जब लोग नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर आ रहे थे, तब लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने उन पर लाठियां चलाई थीं।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो कर्नाटक के बेलगावी का है जब साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। उसी समय के वीडियो को नेपाल की मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे मुस्लिमों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की हालिया घटना बताकर भ्रामक रूप में फैलाया जा रहा है। 

Result Stamp

Title: नेपाल की मस्जिद में लाठीचार्ज का बताकर शेयर किया जा रहा वायरल यह वीडियो असल में कर्नाटक का पुराना क्लिप है।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply