बुलडोजर कार्रवाई का बांग्लादेश का वीडियो पश्चिम बंगाल के नाम पर हो रहा है शेयर।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो रही है। इनमें बस स्टैंड और गंगा घाट क्षेत्र के पास फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वाली कई अस्थायी दुकानों और ढांचों को ध्वस्त किया जा रहा है। इसी बुलडोजर की कार्रवाई से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें कयी घरों को जेसीबी द्वारा तोड़ा जा रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को रोते हुए भी दिखाया। दावा किया जा रहा है कि यह बंगाल में हो रही उसी बुलडोजर कार्रवाई का वीडियो है।
वहीं यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा है…
BIG रेलाई चालू हो गई योगी जी के आशीर्वाद से शुभेन्दु अधिकारी का बुल्डोजर पं० बंगाल में सफाई अभियान शुरू किया …बाबा योगी जी ने सबको बिगाड़ रखा है कोलकाता में मुस्लिम इलाके में एक राम मोहन कॉलेज है आप ममता बनर्जी का भगवान राम से नफरत देखिए कि उसने राम मोहन कॉलेज में राम शब्द को मिटवा दिया था
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में यह देखा कि वायरल वीडियो पर “maasranga” और बांग्ला भाषा में “जेस्सोर” लिखा हुआ है। इसे देखते हुए हमने संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। परिणाम में हमें बांग्लादेशी न्यूज-आउटलेट मासरंगा न्यूज के यूट्यूब अकाउंट पर 14 मई 2026 को अपलोड किया गया यह वायरल वीडियो मिला। इसके साथ लिखे विवरण अनुसार, वीडियो बांग्लादेश के जेस्सोर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान 600 घरों को तोड़े जाने का है।
फिर हमें एक अन्य बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट डीसीबी न्यूज के फेसबुक अकाउंट पर भी जेस्सोर में अतिक्रमण हटाने के अभियान से संबंधित वीडियो रिपोर्ट मिली, जिसे 10 मई को अपलोड किया गया था। इसमें वायरल वीडियो से जुड़े दृश्य दिखाई देते हैं।
https://www.facebook.com/reel/4366678590144862
इसके अलावा एक अन्य बांग्लादेशी न्यूज आउटलेट के फेसबुक अकाउंट से भी अपलोड किये गए वीडियो रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाले फुटेज दिखाई देते हैं। 10 मई 2026 को अपलोड की गई वीडियो रिपोर्ट के अनुसार, जेस्सोर में अवैध निर्माण हटाए गए थें जिससे मकान मालिक रो पड़े।
https://www.facebook.com/reel/2230438591099379
इसी जानकारी के साथ ही हमें और भी बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट द्वारा यही जानकारी प्राप्त हुई कि वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं बल्कि, बांग्लादेश का है। जहां जेस्सोर में अतिक्रमण हटाते हुए अभियान के तहत करीब 600 घरों को तोड़ा गया था।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। बुलडोजर की कार्रवाई वाला यह वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं बल्कि, बांग्लादेश के जेस्सोर में अतिक्रमण हटाते हुए अभियान का है।


