रवि किशन ने पीएम मोदी पर नहीं राहुल गांधी पर साधा था निशाना।

सोशल मीडिया पर गोरखपुर से सांसद और भाजपा नेता रवि किशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे कहते हैं कि “तो देखिए, उनको घूमना है… उनको विदेश यात्रा में आनंद आता है। अरे 10-15 दिन, एक हफ्ता, चार दिन में पार्लियामेंट में भी आते हैं। 5 मिनट में चले जाते हैं। उनको घबराहट होती है। तो उनको आज़ाद रहने दो। आज़ाद पंक्षी। उन पर कोई बोझ मत दीजिए, उनके सर पर। वो टेंशन में आ जाते हैं। अच्छा, उन्होंने खुद को मुक्त किया। वो घूमने-फिरने वाले एक आज़ाद परिंदा हैं। आप लोग काहे परेशान करते हो उनको।” यूज़र ने यह वीडियो इस दावे के साथ शेयर किया है कि रवि किशन ने पीएम मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर आलोचना की है।
वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…
मैं भारत के 140 करोड़ जनता से पूछना चाहता हूं इनको घूमने के लिए प्रधानमंत्री बनाया गया है 5 मिनट में पार्लियामेंट में इनको घबराहट होने लगती है उनका एक सांसद बोल रहा है जो भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर के सांसद रवि किशन है
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से सम्बंधित कीवर्ड को गूगल पर सर्च किया। परिणाम में हमें रवि किशन के एक्स हैंडल पर वायरल बयान मिला। यहां पर वीडियो को 23 मई 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा गया था, “कांग्रेस को अब अपने युवराज राहुल गांधी को आजाद कर देना चाहिए।”
इसके बाद हमें वायरल वीडियो का बड़ा वर्जन एशिया नेट न्यूज हिंदी के यूट्यूब चैनल पर मिला। यहां वीडियो को 13 मई 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो के 4:42 मिनट की टाइमलाइन पर पत्रकार को यह प्रश्न पूछते हुए सुना जा सकता है कि राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर के चयन से खुद को अलग कर लिया है।तभी रवि किशन कहते हैं कि, “अब देखिए उनको घूमना है, विदेश यात्रा में उनको आनंद आता है। हर 10-15 दिन में एक हफ्ता, चार दिन… पार्लियामेंट में भी आते हैं पांच मिनट, तो उनको घबराहट होती है। तो उनको जाने दो, उनको आजाद रहने दो, आजाद पक्षी हैं। उन्हें कोई भी बोझा मत दीजिए, उनके सिर। वह टेंशन में आ जाते हैं। अच्छा है कि उन्होंने खुद को मुक्त किया है। वह एक आजाद परिंदा हैं। उनको आप लोग क्यों परेशान करते हैं।”
एएनआई के फेसबुक पेज पर 13 मई 2026 को अपलोड वीडियो में भी वायरल वीडियो वाले वर्जन को देखा जा सकता है। वीडियो में रवि किशन देश में संभावित आर्थिक प्रभावों को लेकर बात करते हैं। वे प्रधानमंत्री मोदी की उस अपील का जिक्र करते हैं, जिसमें लोगों से ईंधन बचाने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, सोना कम खरीदने और कार पूल जैसे विकल्प अपनाने की बात कही गई थी। फिर रिपोर्टर रवि किशन से राहुल गांधी को लेकर यह सवाल पूछता है। इसी सवाल के जवाब में रवि किशन वायरल वीडियो वाला बयान देते हैं।
इससे काफी हद तक स्पष्ट हो जाता है कि रवि किशन का यह बयान राहुल गांधी के लिए था, पीएम मोदी के नहीं। उनके मूल वीडियो में से बीच का एक हिस्सा हटाकर भ्रामक रूप में फैलाया जा रहा है। जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि रवि किशन के कहे गए कथन पीएम मोदी के लिए ही हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। रवि किशन का वायरल वीडियो वाला बयान पीएम मोदी के लिए नहीं, बल्कि राहुल गांधी के लिए था।


