इजरायल के तेल अवीव स्थित खुफिया भवन में आग लगने का नहीं है वीडियो, फर्जी है वायरल दावा।

इस्राइल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक बिल्डिंग में आग लगी हुई दिख रही है। साथ ही भयानक रूप से काला धुआं उठता दिख रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि इस्राइल-अमेरिका और ईरान के बीच हो रहे युद्ध के दौरान इस्राइल के खुफिया भवन में आग लग गई। साथ ही वीडियो में वायरलेस से आती आवाजें भी सुनी जा सकती है। यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…
ब्रेकिंग न्यूज अभी-अभी खबर मिली है: इजराइल के तेल अवीव में स्थित खुफिया भवन में आग लग गई है.!
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से फ्रेम्स को लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर 17 जनवरी 2026 का पोस्ट किया गया एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता दृश्य देखा जा सकता है।
वीडियो के साथ लिखे कैप्शन से पता चलता है कि यह वीडियो न्यूयॉर्क के क्वींस में Flushing Avenue स्थित एक टायर शॉप में लगी आग का है, जो तेजी से बिल्डिंग की अन्य मंजिलों और आसपास के हिस्सों में फैल गई थी।
इससे इतनी बात यहीं साफ हो जाती है कि इस वीडियो का मौजूदा घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है।
इसी वीडियो को न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट रिस्पांस वीडियोज के फेसबुक पेज पर भी पोस्ट किया हुआ देखा जा सकता है। यहां बताया गया है कि न्यूयॉर्क सिटी के फायर डिपार्टमेंट ने क्वींस के 19-05 फ्लशिंग एवेन्यू स्थित एक इमारत में लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग लगने की घटना पहली मंज़िल पर मौजूद एक टायर की दुकान से हुई।
आगे हमें इस वीडियो का लंबा वर्जन न्यूयॉर्क सिटी के फायर डिपार्टमेंट रिस्पांस वीडियोज के यूट्यूब अकाउंट पर मिला, जिसे 17 जनवरी 2026 को अपलोड किया गया था।
मिली जानकारी की मदद से आगे हमने इस संबंध में मीडिया रिपोर्टों की खोज की। हमें मिली CBSNews की एक रिपोर्ट के अनुसार, 17 जनवरी 2026 की सुबह न्यूयार्क के क्वींस स्थित एक टायर की दुकान में आग लग गई थी, जिसमें दमकलकर्मियों, बच्चों और एक गर्भवती महिला सहित नौ लोग घायल हो गए थे।
18 जनवरी 2026 को छपी NBCNewyork की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लशिंग एवेन्यू पर स्थित इस तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स में लगी आग को बुझाने के लिए करीब 120 फायरफाइटर लगाए गए थे। आग सुबह 4 बजे के करीब लगी और धीरे-धीरे पूरी बिल्डिंग में फैल गई थी।
इस घटना से सम्बंधित वीडियो रिपोर्ट को ABC7ny के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो से मिलते हुए दृश्य दिखाई देते हैं। साथ ही घटना पर फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बयान को भी देख सकते हैं। स्पष्ट होता है कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा सरासर भ्रामक व असंबंधित है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि इस्राइल के खुफिया भवन में आग लगने की घटना के नाम पर फैलाया जा रहा वायरल वीडियो भ्रामक है।असल में यह वीडियो न्यूयार्क के क्वींस इलाके में आग लगने की एक घटना का है।


