खिड़की से बच्चे को बचाने का वीडियो लखनऊ का नहीं, अमेरिका की पुरानी घटना है…

Misleading Political

लखनऊ के अलीगंज में आग लगने की घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए 15 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आग लगी एक इमारत के अंदर एक महिला छोटे बच्चे को खिड़की से लटकाकर मदद मांगती हुई दिख रही है। वहीं वीडियो को लखनऊ अग्निकांड का बता कर शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- मां की ममता की ताकत ऐसी होती है कि मौत सामने हो तब भी वह अपने बच्चे की जान बचाने के लिए हर हद पार कर जाती है #viralvideo #lucknow #LucknowNews 

https://archive.org/details/20-facebook_20260624_1830

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…   

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल  वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें 18 अप्रैल 2010 की रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। यहां ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल ही का नहीं है। 

रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो अमेरिका का है।  इसमें महिला जिस बच्ची को बचाने की कोशिश कर रही थी वो 7 महीने की थी और उसका नाम Zaniwah था।  ये वीडियो पड़ोस में ही रहने वाली माया टकर नाम की एक महिला ने बनाया था। 

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें ‘imagesyouwontseeontv’ नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर इससे जुड़ी खबर मिली। । इसके कैप्शन में बताया गया कि ‘वनेसा स्कॉट’ नाम की एक महिला ने आग लगने के दौरान अपने 7 महीने के बच्चे को बचाने के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया। उन्होंने बच्चे को पांचवीं मंजि‍ल की खिड़की से बाहर लटकाकर रखा, ताकि वह सांस ले सके।

अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें ‘द न्यूयॉर्क डेली न्यूज़’  और irish examiner की वेबसाइट पर भी मिली। 

रिपोर्ट के मुताबिक, पेल्हम पार्कवे हाउस में आग लग गई थी और वीडियो में पांचवीं मंज़िल दिखाई दे रही थी। जब घर धुएं से भर गया, तो 18 साल की वेनेसा स्कॉट ने अपनी 7 महीने की कज़िन को खिड़की के बाहर लटका दिया ताकि वह सांस ले सके। बाद में, फायरफाइटर्स ने सीढ़ी का इस्तेमाल करके वेनेसा और उसके बाकी परिवार को बचाया।

लखनऊ में 22 जून 2026 को अलीगंज में एक इमारत में  लगी आग –

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 22 जून 2026 को अलीगंज में एक इमारत में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई।  मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया जो लखनऊ अग्निकांड की जांच कर रही है।

दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को जेल भेज दिया है। इसमें भवन के मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, एनिमेशन एवं गेमिंग जोन के संचालक तुषांक कृष्ण जायसवाल, पेट शॉप एवं क्लीनिक के संचालक रामकृष्ण उपाध्याय और इमारत में नेटवर्किंग का काम करने वाला सुरेश कुमार शामिल हैं।

निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, अमेरिका में आग लगने के दौरान की एक घटना के वीडियो को अब लखनऊ अग्निकांड के संदर्भ से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो उस समय का है जब न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स में वर्ष 2010 में एक इमारत में आग लग गई थी।

Result Stamp

Title: खिड़की से बच्चे को बचाने का वीडियो लखनऊ का नहीं, अमेरिका की पुरानी घटना है…

Written By: Sarita Samal

Result: Misleading