सायोनी घोष के नाम पर वायरल डांस वीडियो फर्जी है। बांग्लादेशी डांसर मेघा क्वीन है वायरल वीडियो।

पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें लाल और सफेद रंग की साड़ी पहनी एक महिला मंच पर डांस करती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह महिला तृणमूल कांग्रेस (TMC) की जाधवपुर लोकसभा सीट से सांसद सायोनी घोष हैं, जो बंगाल में हुए हालिया विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान वोटरों को रिझाने के लिए मंच पर डांस करती हुई नज़र आई।
वायरल वीडियो को फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ साझा किया है…
सांसद बनने के लिए TMC की सायोनी घोष को क्या क्या करना पड़ता था देखिए।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से फ्रेम लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें एक फेसबुक यूज़र के द्वारा यहीं वीडियो साझा किया हुआ मिला, यहां पर डांस करती महिला का नाम मेघा क्वीन बताया गया है।

फिर हमें यहीं वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। यहां भी वीडियो अपलोड करते हुए डांस करती महिला की पहचान मेघा क्वीन के रूप में की गई है।
आगे हमें वीडियो का एक दूसरा वर्जन @alltimenewsBangladesh नाम के बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल पर भी मिला। यहां पर वीडियो को 15 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। इसमें मंच पर पीछे की तरफ एक पोस्टर लगा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें बांग्ला भाषा में ‘बैसाखी मेला’ लिखा है। साथ ही, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की फोटो भी लगी हुई है। ऐसे में इस वीडियो की बांग्लादेश के होने की बात काफी हद तक साफ हो जाती है।
हमने इस यूट्यूब चैनल को और चेक किया पता चला कि इस चैनल पर डांस करने वाली महिला के और भी वीडियो मौजूद हैं। एक अन्य वीडियो में इस महिला का नाम मेघा क्वीन ही बताया गया है।

मिली जानकारी के आधार पर हमने इस डांसर के बारे में खोज शुरू की। हमें इस डांसर महिला का फेसबुक अकाउंट मिला। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस महिला का नाम मेघा क्वीन है जो बांग्लादेश की रहने वाली हैं और पेशे से एक डांसर हैं। मेघा के फेसबुक प्रोफाइल पर डांस करते हुए कई वीडियो देखे जा सकते हैं। यहीं पर हमें इस महिला का वहीं डांस वाला वायरल वीडियो मिला, जिसे अप्रैल 2026 में अपलोड किया गया था। इसी इवेंट के कई अन्य वीडियो भी शेयर किये हुए देख सकते हैं।
इनमें बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की फोटो दिखाई देती है। साथ ही पोस्टर में बैसाखी मेला और स्थान के तौर पर बोगुरा एक जिला जो बांग्लादेश में आता है लिखा दिखाई दे रहा है।

इसके बाद हमने एक और बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल Masti 24 पर भी 30 अप्रैल को वहीं वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ पाया। स्पष्ट हो जाता है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल की टीएमसी से सांसद सायोनी घोष का नहीं बल्कि, बांग्लादेश की एक डांसर मेघा क्वीन का ही है
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। मंच पर डांस करती महिला का वायरल वीडियो बांग्लादेश की एक डांसर मेघा क्वीन का है, टीएमसी सांसद सायोनी घोष का नहीं।


